जैसलमेर

कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ भाजपा का धरना प्रदर्शन आज से

-प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी सूरजगढ़ विधायक सुभाष पूनिया का कार्यालय म स्वागत
2 min read
Aug 28, 2020
कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ भाजपा का धरना प्रदर्शन आज से
कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ भाजपा का धरना प्रदर्शन आज से

जैसलमेर. कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदेश भर में होने जा रहे आंदोलन को लेकर जिले में विद्युत विभाग के विभिन्न अभियंता कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश शारदा ने कहा कि उपखंड मुख्यालय पर धरना व 4 सितंबर को जिला मुख्यालय पर ज्ञापन दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा ने स्थानीय भाजपा कार्यालय में जिला पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से फ्यूल चार्ज, स्थाई शुल्क के माध्यम से कोरोना काल जैसी इन विकट परिस्थितियों में प्रदेश की जनता पर 1 हजार 40 करोड़ का अतिरिक्त भार डालकर कोढ़ में खाज का कार्य कर रही है। ऐसे में हर उपभोक्ता पर 500 से 2000 रुपए तक प्रतिमाह का अतिरिक्त भार पड़ रहा है। जिला पदाधिकारियों की बैठक के अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी, सूरजगढ़ झुंझुनू विधायक सुभाष पूनिया का जैसलमेर प्रवास पर भाजपा कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया । प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी ने नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी, साथ ही संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए संगठन को गतिशील रखने के लिए संगठन की योजनाओं व केंद्र सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की जनता विद्युत बिलों के विभिन्न सरचार्ज से जूझ रही है। आमजन के लिए जनहित की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। बैठक मे जिला महामंत्री सवाईसिंह गोगली, सुशील व्यास, दलपत हिंगडा, उपाध्यक्ष आईदानसिंह भाटी, शंभूदान भेलाणी, करुणा कंवर, हिम्मताराम चौधरी आदि ने भी विचार व्यक्त किए।

Published on:
28 Aug 2020 01:04 am