-प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा ने जिला पदाधिकारियों की बैठक में ली विस्तार से जानकारी
जैसलमेर. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सदैव संगठन राष्ट्र के लिए समर्पित रहता है। चाहे उसके समक्ष कितनी कठिनाइयां कितनी व्यस्तता क्यों ना हो। वह सदैव राष्ट्र एवं संगठन को प्राथमिकता देता है। समर्पण की इसी भावना से भारतीय जनता पार्टी आज विश्व में सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में अपनी एक नई शक्तिशाली पहचान कायम करने में सक्षम हो चुकी है। प्रदेश महामंत्री कटारा ने स्थानीय भाजपा कार्यालय में जिला पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि जो काम देश में पिछली कांग्रेस सरकार सरकार 60 साल में नहीं कर पाई। पीएम मोदी ने वो काम 7 साल में करके दिखाए। गांव-गांव व ढाणी-ढाणी बिजली पहुंचान, गैस पहुंचाना, सड़कें पहुंचाना जैसे कार्य हुए और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने जल शक्ति मंत्रालय गठन कर घर-घर तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाने का लक्ष्य लिया है, वह भी जल्दी ही पूर्ण कर लिया जाएगा। प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा ने संगठनात्मक चर्चा करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में हमें बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक पूरी तैयारी करनी है, जिसमें हमें बूथ कमेटियां पन्ना प्रमुख की नियुक्ति के साथ-साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर घर-घर तक पहुंचना है। जिला मीडिया प्रमुख जुगल बोहरा ने बताया कि बैठक के आरंभ में भारत माता श्यामा प्रसाद मुखर्जी दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया । दीप प्रज्वलित के बाद प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा का महंत प्रतापपुरी महाराज ने शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। जिला महामंत्री सवाईसिंह गोगली ने मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा व मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया। जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा ने पदाधिकारियों एवं मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पिछले 15 महीने से कोरोना का कहर चलते हुए भी भाजपा संगठन द्वारा प्रदेश संगठन से दिए गए प्रत्येक दिशानिर्देशो का भलीभांति पूर्ण करते हुए उनकी पालना की गई। महंत प्रतापपुरी महाराज ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता द्वारा इन कठिन परिस्थितियो में अभी जो सेवा कार्य किए जा रहे हैं। और जिन लोगों को सेवा मिली है वह सदैव आपको आशीर्वाद देते रहेंगे। इस अवसर पर जिला प्रमुख प्रताप सिंह सोलंकी, वरिष्ठ नेता डॉ. जितेंद्रसिंह, सांगसिंह भाटी, छोटूसिंह भाटी, जुगल किशोर व्यास, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कविता, प्रधान पंचायत समिति सम तनसिंह सहित संगठन के जिला पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष मंडल महामंत्री मोर्चा के जिलाध्यक्षों ने उपस्थित रहते हुए संगठनात्मक चर्चा मे भाग लिया।