
मोहनगढ़. (जैसलमेर). थाना क्षेत्र के बोहा गांव के निकट जंगल में खून से सना अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। शव की पहचान नहीं होने से मामले ने और अधिक गंभीर रूप ले लिया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव खून से सना हुआ था और उसकी स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि घटना दो से तीन दिन पहले की हो सकती है। शव काफी समय तक खुले स्थान पर पड़े रहने के कारण उसकी पहचान तत्काल संभव नहीं हो सकी।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर संभावित पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए दोपहर बाद जैसलमेर से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर विभिन्न भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए। शव के आसपास की जमीन, खून के निशानों और अन्य परिस्थितियों का वैज्ञानिक परीक्षण किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल के निकट ट्रैक्टर के टायरों के निशान भी मिले हैं। इन निशानों की भी विस्तार से पड़ताल की जा रही है ताकि घटना से जुड़े संभावित तथ्यों तक पहुंचा जा सके। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। शव की स्थिति और घटनास्थल से मिले प्रारंभिक संकेतों के आधार पर हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही संभव हो सकेगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है और घटनास्थल के आसपास मिले हर साक्ष्य की कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल अज्ञात शव मिलने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा मामले का शीघ्र खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।