जैसलमेर

जैसलमेर बॉर्डर पर मिले युवक-युवती के शव, पाकिस्तानी पहचान पत्र से मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी

Jaisalmer News: पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, एमओबी टीम और जैसलमेर वृत्ताधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। टीमों ने मौके का गहन निरीक्षण किया।

2 min read
Jun 29, 2025
जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा। फाइल फोटो- पत्रिका

राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब तनोट थाना क्षेत्र में युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने रविवार को यहां बताया कि शनिवार को तनोट पुलिस थाना को गजेसिंह के कुएं से लगभग 15 किलोमीटर पश्चिम दिशा में सीमावर्ती इलाके में दो अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली।

मौके पर पहुंचा पुलिस जाब्ता

थानाधिकारी तत्काल जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचकर पाया कि एक कैर के पेड़ के नीचे एक पुरुष का शव पड़ा था, आसमानी रंग का सलवार-कुर्ते में था। उसके पास से एक पीले रंग की चुनरी और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुरुष के चेहरे पर एक जेरिकन रखा होने के कारण उसकी पहचान मौके पर नहीं हो पा सकी। युवक के शव से करीब 50 फीट की दूरी पर एक युवती का शव भी मिला।

8-10 दिन पुराना शव

युवती ने पीले रंग का घाघरा-कुर्ता पहना था और हाथों में लाल-सफेद चूड़ियां थीं। दोनों शव औंधे पड़े थे और देखने में लगभग 8-10 दिन पुराने लग रहे थे, जिससे उनके चेहरे भी पहचान में नहीं आ रहे थे। चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, एमओबी टीम और जैसलमेर वृत्ताधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। टीमों ने मौके का गहन निरीक्षण किया, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई।

दो पहचान पत्र मिले

निरीक्षण के दौरान युवक के कुर्ते की जेब से दो पाकिस्तानी राष्ट्रीय पहचान पत्र मिले। एक पहचान पत्र पर युवक का नाम रवि कुमार पुत्र दीवान (जन्मतिथि 03.01.2008) और आइडेंटिटी नंबर 45104-1149399-7 दर्ज था। दूसरे पहचान पत्र पर लड़की का नाम शांति बाई कुमार पुत्री गुलू (जन्मतिथि 30.07.2010) और आइडेंटिटी नंबर 45104-2075074-6 लिखा हुआ था। दोनों कार्डों पर 'पाकिस्तान' देश का उल्लेख था और उनके दूसरे पृष्ठ पर उर्दू भाषा में लिखावट थी।

यह वीडियो भी देखें

गहन जांच जारी

उन्होंने बताया कि मौके पर 26वीं बीएसएफ बटालियन के अधिकारी भी मौजूद थे। पुलिस ने दोनों शवों को सीएचसी रामगढ़ मोर्चरी रूम में रखवा दिया है जहां मेडिकल बोर्ड द्वारा उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। यह घटना सीमा पार से घुसपैठ या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि का संकेत हो सकती है। पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की विस्तृत और गहन जांच कर रही हैं। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Also Read
View All

अगली खबर