- पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में गरजे हथियार, धूजी जमीन
जैसलमेर. भारत की पांचदिनी यात्रा पर आए ब्राजील के सैन्य कमांडर जनरल टॉमस मिगुएल माइन रिबेरो पाइवा ने बुधवार को जैसलमेर जिले की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय सैन्य बलों की ताकत का जलवा देखा और महसूस किया। पाइवा ने भारत में निर्मित हथियार प्रणालियों की क्षमता का भी बारीकी से अवलोकन किया। इससे पहले पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज पहुंचने पर ब्राजील के सैन्य कमांडर जनरल टॉमस मिगुएल का डेजर्ट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा ने स्वागत किया। इस मौके पर जनरल टॉमस ने भारतीय सैन्य बलों का समग्र फायर पावर प्रदर्शन देखा। जिसमें उन्होंने स्वदेश में निर्मिति हथियार प्रणालियों की ताकत का खास तौर पर अहसास करवाया। जनरल टॉमस ने रक्षा क्षेत्र में भारत के आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों के रूप में मेड इन इंडिया प्लेटफार्मों में खास रुचि दिखाई। इन हथियार प्रणालियों के जरिए फील्ड फायरिंग रेंज में कवचित, मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री, आर्टिलरी, आर्मी एयर डिफेंस और विमानन संपत्तियों को शामिल करते हुए एक संयुक्त हथियार फायरिंग करते हुए युद्धाभ्यास को अंजाम दिया गया। इसके तहत दुश्मन को नेस्तनाबूत करने का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया गया। ब्राजील के सैन्य कमांडर ने भारतीय सेना के विभिन्न अंगों के तालमेल, समन्वय और अंतरसंचालनीयता के लिए प्रशंसा की और विभिन्न क्षेत्रों और कठिन परिस्थितियों में काम करने के लिए भारतीय सेना की मजबूती की सराहना की। सेना ने देश में निर्मित विभिन्न तोप व गन का ्रप्रदर्शन किया। पोकरण आने से पहले उन्होंने जोधपुर के दर्शनीय स्थलों का अवलोकन किया और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक मूल्यों की प्रशंसा की।
सेना का डेजर्ट स्ट्राइक युद्धाभ्यास
गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जैसलमेर जिले की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय सेना की ओर से 'डेजर्ट स्ट्राइक' नामक युद्धाभ्यास किया गया। इस युद्धाभ्यास में मुख्य अतिथि के रूप में ब्राजील सेना के जनरल कमांडर शामिल हुए और उन्होंने उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम की सराहना की। बुधवार के प्रदर्शन में सेना ने आकाश मिसाइल प्रणाली से अचूक निशाने साध कर अपनी दक्षता का परिचय दिया वहीं अर्जुन टैंक और एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर ध्रुव के कौशल का भी प्रदर्शन किया गया। देश की बड़ी फायरिंग रेंज में शामिल पोकरण रेंज में भारतीय सैन्य बलों की तरफ से वर्ष पर्यंत युद्धाभ्यास और अन्य प्रकार के अभ्यास शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसमें भारत के कई मित्र देशों के सैनिक समय-समय पर संयुक्त अभ्यास में भाग लेने भी पहुंचते रहे हैं और साथ ही मित्र देशों के सैन्य अधिकारी भी भारतीय सेना की वीरता व अत्याधुनिक युद्धक तैयारियों का अवलोकन करते रहे हैं।