जैसलमेर

मृतका के भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप,मामला दर्ज

भणियाणा थानाक्षेत्र के ऊंचपदरा गांव में सोमवार की शाम एक विवाहिता की मौत के बाद मंगलवार को मृतका के भाई की ओर से दहेज के लिए प्रताडि़त कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया है।
2 min read
Feb 13, 2019
jaisalmer
मृतका के भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप,मामला दर्ज

जैसलमेर/पोकरण. भणियाणा थानाक्षेत्र के ऊंचपदरा गांव में सोमवार की शाम एक विवाहिता की मौत के बाद मंगलवार को मृतका के भाई की ओर से दहेज के लिए प्रताडि़त कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया है। भणियाणा पुलिस के अनुसार मृतका के भाई शेरगढ़ थानान्तर्गत सोमेसर निवासी दीपाराम पुत्र अणदाराम मेघवाल ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसकी बहन हवा का विवाह आठ माह पूर्व 25 जून 2018 को ऊंचपदरा निवासी दीनाराम पुत्र चेतनराम के साथ किया था तथा विवाह के समय हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया गया था। उसने बताया कि विवाह के पश्चात कुछ समय के बाद ही उसकी बहन हवा को उसका पति दीनाराम, सास सुकादेवी, ससुर चेतनराम, जेठ हरिराम, जेठाणी हीरादेवी, देवर किशनाराम दहेज कम लाने को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करने लगे। विवाह के बाद उसकी बहन चार-पांच बार पीहर आई, तो उसने परिवार के लोगों को बताया कि उसके ससुराल में दहेज को लेकर परेशान करते हैं। परिवार के लोगों ने उसके ससुर चेतनराम को बताया, तो उसने भविष्य में ऐसा नहीं करने की बात कही। सोमवार को ही उसकी बहन पति दीनाराम के साथ सोमेसर से ससुराल आई थी। दोपहर दो बजे माता के पास बहन हवा का फोन आया कि उसे उसका पति, सास, ससुर, जेठ, जेठाणी व देवर दहेज में मोटरसाइकिल नहीं लाने की बात को लेकर परेशान कर रहे हैं। उन्होंने उसके साथ मारपीट की व पति ने जान से मारने की धमकी भी दी। अपराह्न तीन बजे दीनाराम का फोन आया कि हवा की तबीयत ठीक नहीं है तथा उन्हें बुलाया। जब उसकी माता ने उसे अस्पताल ले जाने के लिए कहा। रात करीब आठ-नौ बजे गड़ी निवासी तेजाराम का फोन आया कि हवा की मौत हो गई है। जिस पर वह तथा परिवार के अन्य लोग पोकरण आए। यहां उसकी बहन का शव मोर्चरी में पड़ा था। उन्होंने देखा, तो उसकी पीठ, छाती व सिर पर चोटों के निशान देखे। उन्होंने आरोप लगाया कि पति दीनाराम, सास, ससुर, जेठ, जेठाणी व देवर ने मिलकर दहेज को लेकर उसकी बहन के साथ मारपीट कर जहर पिलाकर मार दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक रामचंद्र चौधरी कर रहे हैं।

Published on:
13 Feb 2019 08:14 am