
जैसलमेर. जिले के नगा गांव निवासी मुकेश कुमार राठौड़ (28) पुत्र भजनाराम का शनिवार को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया। वे सीमा सुरक्षा बल में कार्यरत थे और जम्मू-कश्मीर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पिछले दिनों मुकेश कुमार अवकाश पर घर आए हुए थे और सडक़ हादसे में उनका निधन हो गया था। वे अपने पीछे गर्भवती धर्मपत्नी और वृद्ध पिता सहित अन्य परिवारजनों को दुखों के साये में छोड़ गए हैं। उनके अंतिम संस्कार के समय सीमा सुरक्षा बल की रामगढ़ स्थित बटालियन के अधिकारियों व जवानों ने शिरकत की। वहीं जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, पूर्व विधायक रूपाराम धनदे, महंत बाल भारती, पूर्व प्रधान मूलाराम चौधरी सहित कई गणमान्य लोगों व अन्य ग्रामीणों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार गत 29 जून को छुट्टी पर घर पर आए हुए थे। पिछली 8 जुलाई को वह घरेलू कार्यवश जैसलमेर आए और शाम को लौटते समय उनकी बाइक के सामने अचानक ट्रक आ गया। उससे बचने का प्रयास करते हुए मुकेश कुमार की बाइक ट्रेक्टर ट्रॉली से जा टकराई। इस हादसे में वह गम्भीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जैसलमेर से जोधपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान ही जोधपुर में गत 16 जुलाई शाम को मुकेश ने अंतिम सांस ली। जिनका शनिवार सुबह नगा गांव में अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार मुकेश वर्ष 2022 में सीमा सुरक्षा बल में भर्ती हुए थे। उनकी शादी 7 नवम्बर 2025 को देवा गांव निवासी तरुणा से हुई थी। बताया जाता है कि उनकी पत्नी गर्भवती थी और इस तरह से मुकेश की संतान ने दुनिया में कदम रखा, इससे पहले ही उसके सिर से पिता का साया छिन गया है।
नाचना. क्षेत्र के पांचे का तला गांव में शनिवार दोपहर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने युवक के कान और नाक काट दिए तथा दोनों पैरों पर भी गंभीर चोटें पहुंचाईं। घटना के बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाचना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया गया। थानाधिकारी सुमेरदान ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के दायम खां (20) पुत्र मोहम्मद खां पर हमला कर दिया। हमले में युवक के कान और नाक कट गए, जबकि दोनों पैरों पर भी गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घायल को राजकीय अस्पताल नाचना में प्राथमिक उपचार देने के बाद जोधपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी सुमेरदान ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।