
जैसलमेर. प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और प्रयोगशाला सहायकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में 86 पदों का बजट आवंटन किया गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने बजट घोषणा संख्या 344(2) के तहत 16 जिलों के 23 राजकीय उच्च माध्यमिक और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट जारी किया है। इसमें व्याख्याता स्कूल शिक्षा के 67 और प्रयोगशाला सहायक के 19 पद शामिल हैं। बजट आवंटन से चयनित विद्यालयों में अतिरिक्त कार्मिकों की नियुक्ति का वित्तीय आधार तैयार हुआ है। हालांकि, अब इन पदों पर नियुक्ति और पदस्थापन की प्रक्रिया पूरी होना महत्वपूर्ण होगा। वित्तीय सलाहकार डॉ. ज्योति बाला व्यास की ओर से जारी आदेश के अनुसार व्याख्याता स्कूल शिक्षा (लेवल-12) के 67 और प्रयोगशाला सहायक (लेवल-8) के 19 पदों के लिए आईएफएमएस पर बजट आवंटित किया गया है। यह आवंटन प्रदेश के 23 चयनित विद्यालयों में कार्मिकों की व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया गया है। आदेश में संबंधित विद्यालयों को उपलब्ध बजट प्रावधान से कार्मिकों के वेतन भुगतान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बजट आवंटन में बालोतरा, बांसवाड़ा, भरतपुर, चित्तौड़गढ़, चूरू, हनुमानगढ़, जयपुर, जालौर, झुंझुनूं, जोधपुर, नागौर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक जिले शामिल हैं। चयनित विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं और प्रयोगशाला सहायकों की उपलब्धता बढ़ने से शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूती मिलने की संभावना है।
निदेशालय ने संबंधित संयुक्त निदेशकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और उपनिदेशकों को आवंटन के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शाला दर्पण पोर्टल पर जरूरी संशोधन करने को कहा गया है। बजट आवंटन के बाद अब विभागीय स्तर पर पदों के अनुरूप कार्मिकों की नियुक्ति और पदस्थापन की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
- कुल विद्यालय : 23
- लाभान्वित जिले : 16
- कुल बजट आवंटित पद : 86
- व्याख्याता स्कूल शिक्षा : 67
- प्रयोगशाला सहायक : 19
- वित्तीय वर्ष : 2026-27