- मंत्री ने विकास कार्यों का किया शिलान्यास व लोकार्पण
पोकरण. राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग के मंत्री व पोकरण विधायक शाले मोहम्मद ने कहा कि प्रदेश विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। विकास कार्यों को लेकर सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मंत्री शाले मोहम्मद ने सोमवार को क्षेत्र के राजमथाई व सुभाषनगर गांवों में विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण के बाद मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पोकरण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य करवाना तथा आमजन की समस्याओं का निस्तारण कर उन्हें नई सुविधाएं व सेवाएं दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सरकार की ओर से चिकित्सा सेवाओं को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे है। जिसके अंतर्गत पोकरण के राजकीय अस्पताल को क्रमोन्नत कर उपजिला चिकित्सालय बनाया गया है। जिससे यहां अब 115 चिकित्सक सेवाएं देंगे। साथ ही ट्रोमा सैंटर भी स्वीकृत किया गया है। जिला परिवहन कार्यालय जैसी बड़ी सौगात दी गई है। उन्होंने पोकरण व भणियाणा उपखंड क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों की जानकारी दी।
राजमथाई में पीएचसी की घोषणा, विकास कार्यों की दी सौगात
मंत्री शाले मोहम्मद ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजमथाई में राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा की। इसी प्रकार उन्होंने राजमथाई व आसपास क्षेत्र में ग्राम पंचायत की ओर से करवाए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा डामर सड़कों सहित अन्य कार्यों का शिलान्यास किया। मंत्री ने हरियासर, सुभाषनगर, भैंसड़ा आदि गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा जनसुनवाई की।
हरियासर में किया पौधरोपण
बा-बापू कन्या वाटिका योजना के अंतर्गत क्षेत्र के हरियासर गांव में पौधरोपण किया गया। मंत्री शाले मोहम्मद ने अधिकाधिक संख्या में पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण करने का संकल्प दिलाया। साथ ही सरकार की ओर से शुरू की गई घर-घर औषधी वितरण योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक घर तक सरकार की ओर से तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा व कालमेघ के पौधे पहुंचाए जाएंगे, ताकि आमजन को स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
इन्होंने रखे विचार
राजमथाई गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुला फकीर, रणवीरसिंह गोदारा ने अपने विचार रखते हुए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही मंत्री शाले मोहम्मद के प्रयासों से पोकरण विधानसभा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों के लिए उनका आभार जताया। कार्यक्रम में सरपंच सायरकंवर, खंगारसिंह राठौड़, राजूसिंह राजमथाई, बरकतखां बांधेवा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। राजमथाई के आईदानसिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया