जैसलमेर

jaisalmer: डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर कारोबारी का अपहरण, डेढ़ लाख रुपए लूटे

डेटिंग ऐप पर दोस्ती कारोबारी को भारी पड़ गई, मिलने के बहाने बुलाकर अपहरण और लूटपाट की गई।\ आरोपियों ने मारपीट कर यूपीआई से 1.42 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए और सुनसान जगह छोड़कर फरार हो गए। जैसलमेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में महिला सहित छह आरोपियों को पकड़ लिया।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 8:45 PM IST
jaisamer news
पीडि़त दुलेन्द्र भाटिया

जैसलमेर. डेटिंग ऐप पर दोस्ती और फिर मिलने के बहाने बुलाकर अपहरण, मारपीट और ऑनलाइन लूटपाट... जैसलमेर में एक कारोबारी के साथ हुई इस वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। आरोपियों ने कारोबारी को गाड़ी में बैठाकर शहर से दूर ले जाने के बाद उसके साथ मारपीट की और यूपीआइ के जरिए करीब 1.42 लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उसे सुनसान जगह पर छोडकऱ फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला सहित 6 आरोपियों को पकड़ा है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी शिवहरे ने बताया कि परिवादी दुलेन्द्र भाटिया की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर आरोपियों को दस्तयाब कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने यूपीआइ ट्रांजेक्शन को होल्ड करवाने की कार्रवाई भी की।

मिलने बुलाया, फिर बनाया बंधक

प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया कि परिवादी दुलेन्द्र भाटिया ग्राइंडर डेटिंग एप्लीकेशन के जरिए आरोपियों के संपर्क में आया था। आरोपियों ने उसे मिलने के लिए जैसलमेर के गीता आश्रम के पास अपनी लोकेशन साझा करने को कहा। इसके बाद एक व्यक्ति बीकानेर से किराए पर ली गाड़ी लेकर वहां पहुंचा और कारोबारी को बातचीत में उलझाकर अपने साथ बैठा लिया। कुछ दूरी आगे जाने पर उसके अन्य साथी भी वाहन में सवार हो गए। इसके बाद आरोपी कारोबारी को जैसलमेर शहर से दूर बरमसर की तरफ ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर यूपीआइ के माध्यम से करीब 1.42 लाख रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए। आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड भी छीन लिया। मोबाइल से संपर्क करने से रोकने के लिए सिम निकालने और फोन बंद करवाने की भी जानकारी सामने आई है। वारदात के दौरान आरोपियों ने पीडि़त के फोटो और वीडियो भी बनाए तथा उसे सुनसान स्थान पर छोडकऱ फरार हो गए।

संकरी गली में घिर गए आरोपी

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी करवाई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला और वृत्ताधिकारी रूपसिंह इन्दा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इसी दौरान संदिग्ध कार पुलिस से बचने के प्रयास में संकरी गलियों में फंस गई। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर आरोपियों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई सहित पुलिस टीमों की भूमिका रही। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम पुत्र दलवीर जाट (21), दक्ष कुमार पुत्र विनोद कुमार जाटव (20), कृष्ण पुत्र रामबुला प्रजापति (23), यश सिंह पुत्र दलवीरसिंह जाट (19), शुभम पाल पुत्र मुकेश कुमार गढरिया (23) और रचना भाटी पुत्री भिकारीसिंह भाटी गुर्जर (19) शामिल हैं। अधिकांश आरोपी उत्तरप्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के दादरी क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि शुभम पाल मेरठ का निवासी है। पुलिस अब आरोपियों के आपसी संपर्क, वारदात की पूर्व नियोजित साजिश और अन्य संभावित वारदातों में उनकी संलिप्तता को लेकर अनुसंधान कर रही है।

Updated on:
10 Nov 2026, 8:45 PM IST
Published on: