- एसडीएम को ग्रामीणों ने दिया ज्ञापन
पोकरण. लाठी थानाक्षेत्र के ओढ़ाणिया-चाचा मार्ग पर मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे कुछ लोगों की ओर से एक युवक पर जानलेवा हमला कर मारपीट करने पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। लाठी पुलिस के अनुसार ओढ़ाणिया निवासी सांवलदान पुत्र भीखदान रतनू ने मंगलवार शाम अस्पताल में लाठी पुलिस थाने से आए पुलिसकर्मियों को दिए अपने परचा बयान में बताया कि उसकी गांव के कुछ लोगों के साथ में आपसी रंजिश चल रही है। उन्होंने उसे कई बार जान से मारने की धमकियां भी दी। वह मंगलवार शाम लाठी से अपनी स्विफ्ट कार से गांव जा रहा था। इस दौरान सवा सात बजे ओढ़ाणिया व चाचा गांव के बीच जान से मारने की नीयत से प्रद्युम्न रतनू, ओमदान, भंवरदान, चुतरदान, नरेशदान, भीमदान, सचिन विश्रोई, दिनेशदान, धनसिंह व पांच-छह जने अन्य ने बोलेरो कैम्पर गाड़ी उसकी स्विफ्ट कार के आड़े खड़ी कर कार को रुकवाया तथा कार की चाबी छीन ली। वह गाड़ी से उतरकर भागने का प्रयास करने लगा, तो उन्होंने उसे घेरकर जान से मारने की नीयत से कैम्पर वाहन को ऊपर चढ़ाया, जिससे वह गिर गया। हमलावरों ने उसके दोनों पैरों पर वार किए। जिससे दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। उन्होंने लाठियों व सरियों से मारपीट की तथा 10 हजार रुपए नकद व गले में पहनी सोने की चैन छीन ली। राह चल रहे छगनाराम, गजेन्द्र, मंजूरदीन व अन्य दो-तीन जनों ने उसे छुड़ाया। हमलावर मौके से भाग गए। यहां उपस्थित लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।a