
जैसलमेर. सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप पर नए लोगों से दोस्ती करना आज आम बात हो गई है, लेकिन इस आभासी दुनिया में जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। आकर्षक प्रोफाइल, मीठी बातें और मिलने का न्योता किसी बड़ी धोखाधड़ी या आपराधिक वारदात का कारण बन सकता है। जैसलमेर में डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क कर एक व्यक्ति को मिलने के बहाने बुलाने, अपहरण करने, मारपीट और यूपीआई से रुपए ट्रांसफर करवाने की घटना ने ऑनलाइन दोस्ती के खतरे को उजागर कर दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार डेटिंग ऐप पर किसी अनजान व्यक्ति से संपर्क होने पर उसकी पहचान और प्रोफाइल की विश्वसनीयता जांचना जरूरी है। बिना परिचय और भरोसे के अपना मोबाइल नंबर, घर का पता, बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या निजी फोटो-वीडियो साझा नहीं करने चाहिए। कोई व्यक्ति अचानक पैसों की मांग करे या किसी लिंक पर क्लिक करने को कहे तो सतर्क रहें। वीडियो कॉल के जरिए पहचान की पुष्टि करना भी उपयोगी हो सकता है।
- पहली बार मिलने के लिए सुनसान जगह के बजाय भीड़भाड़ वाला सार्वजनिक स्थान चुनें।
- परिवार या भरोसेमंद मित्र को मिलने की जगह और समय की जानकारी दें।
- किसी अनजान व्यक्ति के वाहन में बैठने या उसके बताए स्थान पर अकेले जाने से बचें।
- अपना मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज किसी को न दें।
- यूपीआइ पिन, ओटीपी और बैंकिंग पासवर्ड कभी साझा न करें।
- किसी भी तरह की धमकी, ब्लैकमेल या संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
किसी भी तरह की डेटिंग ऐप पर निजी जानकारी देने से बचना चाहिए। यदि ऑनलाइन आर्थिक ठगी हो जाए तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। इसके अलावा वेबसाइट पर भी शिकायत की जा सकती है। अपहरण, धमकी या मारपीट जैसी स्थिति में 112 पर पुलिस सहायता लें। थोड़ी सी सतर्कता किसी बड़ी मुसीबत से बचा सकती है।
- अभिषेक शिवहरे, पुलिस अधीक्षक, जैसलमेर