मनाया विश्व ह्रदय दिवस, कार्यक्रम आयोजित
पोकरण. विश्व ह्रदय दिवस के मौके पर क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। क्षेत्र के फलसूण्ड गांव में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विश्व ह्रदय दिवस के मौके पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वस्थ ह्रदय स्वस्थ किशोर विषय पर कई आयोजन किए गए। डॉ.रतनाराम पटेल जालोर, डॉ.नूर अहमद व एडोलसेंट हैल्थ काउंसलर सुनीलकुमार टाक ने विश्व ह्रदय दिवस के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने ह्रदय की कार्यप्रणाली से अवगत करवाते हुए बताया कि ह्रदय शरीर का अतिआवश्यक अंग है। जिसका स्वस्थ होना जरूरी है। उन्होंने रक्तचाप, कोलेस्ट्रोल सहित ह्रदय से जुड़ी बीमारियों, उससे बचाव व उपचार की जानकारी दी। प्राध्यापक लखाराम, नखताराम, अर्जुनराम, आनंदकुमार ने भी विचार रखे। साथ ही खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। बालिकाओं ने पोस्टर व चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। इसके अलावा किशोरों की कबड्डी, खो-खो, रूपाल झपट्टा आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सुनाई दिल की धड़कन
पोकरण (आंचलिक). क्षेत्र के भणियाणा गांव में स्थित मदरसे में बुधवार को विश्व ह्रदय दिवस पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की ओर से गोष्ठी व प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। एडोलसेंट हैल्थ काउंसलर दिनेशकुमार ने ह्रदय से होने वाले रक्त के संचालन, ह्रदय से संबंधित बीमारियों, उसके लक्षण, बचाव व उपचार आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने जीवनशैली में बदलाव कर ह्रदय को बेहतर बनाने की बात कही। साथ ही ह्रदय की कार्यप्रणााली से भी अवगत करवाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।