
जैसलमेर. देवउठनी एकादशी के साथ ही स्वर्णनगरी में मांगलिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया है। घरों में मंगलगीत गूंज रहे हैं तो बाजारों से लेकर विवाह स्थलों तक रौनक बढऩे लगी है। नवंबर और दिसंबर में विवाह के लगातार मुहूर्त होने से इस बार शादियों का सीजन खासा व्यस्त रहने वाला है। जैसलमेर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 500 से अधिक जोड़ों के विवाह बंधन में बंधने का अनुमान है। नवंबर का अंतिम सप्ताह सबसे अधिक व्यस्त रहेगा। शादियों की इस धूम का असर केवल परिवारों की खुशियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे स्थानीय बाजार, रोजगार और सेवा क्षेत्र में भी करोड़ों रुपए का कारोबार होने की संभावना है।
दिसंबर की शुरुआत में भी विवाह आयोजनों की व्यस्तता रहेगी। 16 दिसंबर से मलमास शुरू होने के कारण मांगलिक कार्यक्रमों पर विराम लग जाएगा। उसके बाद फरवरी माह में विवाह आयोजन होंगे। इस बार अधिक मुहूर्त होने से परिवारों को आयोजन स्थल, हलवाई, टेंट और अन्य सेवाओं की उपलब्धता के लिहाज से अपेक्षाकृत सहूलियत मिल रही है।
विवाह सीजन ने जैसलमेर सहित जिले के बड़े कस्बों के बाजारों में भी रौनक बढ़ा दी है। ज्वैलरी, कपड़ा, रेडीमेड परिधान, किराना, मिठाई और खाद्य सामग्री के कारोबार में तेजी है। दूसरी तरफ टेंट हाउस, डेकोरेशन, डीजे, कैटरिंग, हलवाई, फोटोग्राफी और वाहन संचालकों के पास भी काम बढ़ा है। अनुमान के अनुसार, इस विवाह सीजन में जिले के बाजारों और बाहर के शहरों से होने वाली खरीदारी को मिलाकर करीब 15 से 20 करोड़ रुपए तक का आर्थिक प्रवाह हो सकता है। इसका लाभ स्थानीय व्यापारियों के साथ अस्थायी कामगारों और छोटे सेवा प्रदाताओं को भी मिलेगा।
विवाह समारोहों का बदलता स्वरूप अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। पहले सीमित संसाधनों में होने वाले आयोजन अब आकर्षक टेंट, रंगीन रोशनी, डीजे, बेहतर खानपान और विशेष सजावट के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। शहर में घरों के आसपास टेंट लगाकर विवाह समारोह करने का चलन भी बढ़ा है। ग्रामीण आयोजनों में भी आरओ पानी, बड़े भोज, विशेष व्यंजन और बाहर से हलवाई व कामगार बुलाने की मांग बढ़ रही है। स्थानीय परिवारों के साथ प्रवासी जैसलमेरवासी भी डेस्टिनेशन वेडिंग और डिजाइनर समारोहों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
ज्वैलरी और परिधान: दुल्हन के आभूषण, डिजाइनर कपड़े और पारंपरिक पोशाकें।
आयोजन व्यवस्थाएं: टेंट, मैरिज गार्डन, सामुदायिक भवन और डेकोरेशन।
खानपान: हलवाई, कैटरिंग, खाद्य सामग्री और विशेष व्यंजनों की मांग।
मनोरंजन: डीजे, संगीत, फोटोग्राफी और वीडियो शूटिंग।
परिवहन व श्रम: बारात के वाहन, मजदूर, रसोइये और अन्य कामगार।
सरहदी जिले में इन दिनों विवाह का विवाह सीजन का प्रभाव बाजार के कई क्षेत्रों पर एक साथ पड़ता है। आभूषण और कपड़ों की खरीदारी से लेकर टेंट, कैटरिंग, परिवहन, सजावट और फोटोग्राफी तक स्थानीय रोजगार को गति मिलती है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी समारोहों का स्वरूप बदलने से छोटे कारोबारियों और सेवा प्रदाताओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।
-मुकेश गोपा, वेडिंग कॉर्डिनेटर