जैसलमेर

jaisalmer: बस से उतरते समय बच्ची गिरी, हंगामा, पुलिस ने कराया मामला शांत

पोकरण में जोधपुर रोड पर निजी बस से उतरते समय बच्ची गिरकर चोटिल हो गई। बच्ची के पिता ने परिचालक पर धक्का देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की, परिजनों और परिचालक में समझौते के बाद बस रवाना हुई।
2 min read
Sep 17, 2026
pokaran news
पोकरण. बस को रुकवाकर परिचालक को नीचे उतारती पुलिस। पत्रिका

पोकरण (जैसलमेर). कस्बे में जोधपुर रोड पर एक निजी बस से उतरते समय एक बच्ची के गिरकर चोटिल हो जाने पर हंगामा हो गया। पुलिस ने तत्काल समझाइश कर स्थिति शांत की। जानकारी के अनुसार एक निजी बस पोकरण से जोधपुर जा रही थी। व्यास सर्कल से जोधपुर रोड के बीच एक परिवार के कुछ सदस्य बस में सवार हुए, लेकिन सीट नहीं मिलने पर वे नीचे उतरने लगे। इस दौरान बस में भीड़ के चलते परिचालक के धक्के से एक बच्ची सड़क पर गिरकर चोटिल हो गई। इस पर उसके पिता ने रोष जताया। इस दौरान यातायात पुलिस प्रभारी सवाईसिंह तंवर मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को रोककर बस परिचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बस को सड़क किनारे खड़ी करवाकर समझाइश का प्रयास किया। परिजनों की ओर से हंगामा करने के कारण वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद भी परिजन नहीं माने, जिस पर सहायक उपनिरीक्षक मालाराम भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाइश की, जिसके बाद परिजनों व परिचालक के बीच समझौता हो गया। इसके बाद बस को रवाना किया गया।

धोलिया में श्वानों के हमले से हिरण की मौत, एक घायल

लाठी @ पत्रिका. वन्यजीव बहुल धोलिया क्षेत्र में आवारा श्वानों का आतंक वन्यजीवों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। गुरुवार को आवारा श्वानों के झुंड ने हिरणों के झुंड पर हमला कर दिया। इस हमले में एक हिरण की मौत हो गई, जबकि एक हिरण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर गौरीशंकर पूनिया, वन्यजीव प्रेमी रामरख पेमाणी, गोविंद मांजू, शिवराज पूनिया, बबलू विश्नोई सहित अन्य वन्यजीव प्रेमी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल हिरण को सुरक्षित पकड़कर उपचार के लिए लाठी पशु चिकित्सालय पहुंचाया। घटना की जानकारी वन विभाग को भी दी गई। सूचना मिलने पर लाठी वन विभाग से वनपाल रामलाल विश्नोई और वनरक्षक हंसराज राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने घायल हिरण को अपने कब्जे में लेकर लाठी स्थित वन-विभाग के अस्थायी बचाव केंद्र में भर्ती कराया। यहां घायल हिरण की देखरेख एवं उपचार किया जा रहा है। अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा के पोकरण तहसील अध्यक्ष गोरीशंकर पूनिया ने बताया कि क्षेत्र में आवारा श्वानों के झुंड लगातार वन्यजीवों का पीछा कर रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। वन्यजीव प्रेमियों ने इन घटनाओं पर रोष जताते हुए वन विभाग से आवारा श्वानों पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा हिरणों सहित अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

Updated on:
17 Sept 2026 08:19 pm
Published on:
17 Sept 2026 08:19 pm