
मोहनगढ़ (जैसलमेर). क्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह से जारी गर्मी के असर के बीच शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दिन भर तेज गर्मी का दौर जारी रहा। शाम के समय गर्मी और उमस में बढ़ोतरी होने के साथ ही हवा का चलना भी बंद हो गया। इसके बाद आसमान में घने बादल छाने लगे और मौसम में बदलाव नजर आया। रात्रि होते-होते आसमान में तेज बिजली कड़कने लगी और इसके साथ ही क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश के दौरान हल्के चने के आकार के ओले भी गिरे। करीब 10 मिनट तक रिमझिम बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से मौसम सुहाना हो गया। वहीं पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान ग्रामीणों को भी काफी राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से देर रात तक मौसम खुशनुमा बना रहा।
जैसलमेर. दिनभर भीषण गर्मी और लू की मार के बाद शनिवार शाम जिले के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट बदली। मोहनगढ़ क्षेत्र में शाम होते ही आसमान में घने काले बादल छा गए। तेज गर्जना और बिजली की कड़कड़ाहट के बीच बारिश शुरू हुई। इसी दौरान कई जगह ओले भी गिरे। मोहनगढ़ में मौसम का मिजाज अचानक बदलने से कुछ ही देर में आसमान बादलों से ढक गया। तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और कड़कने का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। क्षेत्र में गिरे ओलों से जमीन पर कुछ देर के लिए सफेद परत दिखाई दी। उधर, रामदेवरा में भी दिनभर तेज गर्मी और लू का असर रहा। शाम होते-होते मौसम बदला और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया। आसमान में बादल छाने के साथ बिजली कड़कने लगी। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम से दिनभर की गर्मी के बाद लोगों को राहत मिली। जिले में मौसम के इस बदलाव ने गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत दी। मोहनगढ़ में बारिश के साथ ओलावृष्टि और रामदेवरा में तेज हवाओं के बाद हुई बारिश से शाम का मौसम पूरी तरह बदल गया।