जैसलमेर

जैसलमेर पहुंची सीएम राजे, महिला शक्ति ने इस तरह किया स्वागत

प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे राजस्थान गौरव यात्रा के तहत शुक्रवार को जैसलमेर पहुंची।
2 min read
Aug 24, 2018
CM Raje reached Jaisalmer, women welcomed
जैसलमेर पहुंची सीएम राजे, महिला शक्ति ने इस तरह किया स्वागत

जैसलमेर. प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे राजस्थान गौरव यात्रा के तहत शुक्रवार को जैसलमेर पहुंची। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्हे गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद सीएम राजे शक्ति सम्मेलन में महिलाओं से रूबरू हुई। महिला शक्ति ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

इसके बाद सीएम राजे रामदेवरा पहुंचेगी जिसको लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। गौरव यात्रा को देखते हुए गुरुवार को भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने रामदेवरा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शुक्रवार को जोधपुर संभाग के जैसलमेर जिले से अपनी गौरव यात्रा का दूसरा चरण का आगाज कर रही है। मुख्यमंत्री राजे प्रदेश में अमन, चैन व खुशहाली की कामना कर विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत को लेकर शुक्रवार को लोकदेवता बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर पूजा अर्चना करेंगी। राजस्थान गौरव यात्रा व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक सहित सुरक्षा से जुड़े तमाम अधिकारियों ने गांव में पोकरण रोड पर स्थित पेनोरमा परिसर में आमसभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री रामदेवरा में पोकरण रोड पर आमसभा स्थल पेनोरमा परिसर में आमसभा को भी संबोधित करेंगी। इसको लेकर गुरुवार को इस गौरव यात्रा के प्रभारी मेघराज लोहिया ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया व पत्रकारों से बातचीत कर जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीणों को रामदेवरा स्थित सभास्थल पर पहुंचने का आह्वान किया है। इन दिनों रामदेवरा मेला के शुरुआती चरण का दौर है। हजारो लोग प्रतिदिन दर्शन करने पहुंच रहे है। सभास्थल पर 10 से 15 हजार लोगों के पहुंचने का आसार है। इस गौरव यात्रा सभा को सफल बनाने के लिए गत 15 दिनों से सभी कार्यकर्ता क्षेत्र में लोगों से जनसंपर्क कर रहे है। यात्रा के प्रभारी लोहिया ने सभी कार्यकर्ताओं से विशेषकर आग्रह किया है कि मुख्यमंत्री की प्रस्तावित रामदेवरा यात्रा को देखते हुए इसे सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट हो जाएं तथा अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को सभास्थल पर लाएं। इसके अलावा यहां पर किसी प्रकार की कोई व्यवस्था या सुरक्षा में कमी नहीं रहे, इसको लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर पोकरण विधायक शैतानसिंह राठौड़ सहित अन्य नेता सभास्थल पर उपस्थित रहे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की रामदेवरा यात्रा को देखते हुए सभास्थल पर भव्य एवं विशाल पांडाल का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें करीब 10 से 15 हजार से अधिक लोग एक साथ बैठ सकते है। इसको लेकर जिला प्रशासन सहित तमाम उच्चाधिकारी यहां पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे है। गुरुवार की देर शाम तक सभास्थल पर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई। रामदेवरावासियों को भी चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री राजे से किसी बड़ी घोषणा का इंतजार है। जिससे इस धार्मिक स्थली का विकास हो सके व इसकी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर हो सके।

Published on:
24 Aug 2018 02:16 pm