
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का असर सरहदी जैसलमेर जिले में भी देखने को मिला है। स्वर्णनगरी में शनिवार को सुबह से ही रुक-रुककर हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ, जो दोपहर तक चलता रहा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहे और सर्द हवाओं ने आमजन को एक बार फिर झकझोर दिया। इससे पूर्व मौसम सर्द होने से ठिठुरन का अहसास होने लगा। इससे पूर्व स्वर्णनगरी में रात को भी बारिश का दौर चला। बेमौसम की बारिश से मुख्य मार्ग, गली-मोहल्ले व सडक़ें पानी से तरबतर हो गए। मौसम में आए बदलाव के कारण एक बार फिर माहौल में घुली ठंडक ने लोगों को गर्म लिबास पहननेे पर मजबूर कर दिया। एकाएक बदले मौसम के कारण जन-जीवन प्रभावित नजर आया। स्वर्णनगरी भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों ने बूंदाबांदी के बीच पर्यटन स्थलों के भ्रमण का लुत्फ उठाया। स्वर्णनगरी के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम की स्थिति जुदा नहीं रही। रामदेवरा में भी मौसम का मिजाज बदलने से बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। पोकरण में भी सुबह से दोपहर तक बूंदाबांदी का दौर चला।