
जवाहिर चिकित्सालय, जैसलमेर में पानी
जैसलमेर. स्वर्णनगरी में शनिवार रात मानसून की पहली सामान्य बारिश ने ही सबसे बड़े जिला अस्पताल जवाहिर चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। अस्पताल परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा हो गया। मुख्य प्रवेश मार्ग और समूचे बाहरी परिसर और ट्रोमा आदि विभिन्न वार्डों तक जाने वाले रास्तों पर जलभराव होने से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कई मरीजों को पानी से होकर अस्पताल तक पहुंचना पड़ा। गौरतलब है कि अस्पताल परिसर में पानी की दोषपूर्ण निकासी व्यवस्था पिछले कई वर्षों से समस्या बनी हुई है। जब कभी भी भारी या सामान्य लेकिन तेज गति की बारिश होती है, तब अस्पताल परिसर में पानी भर जाता है। राजस्थान पत्रिका ने मानसून काल शुरू होने से काफी पहले इस मुद्दे को उठाकर संभावित परेशानियों से अवगत कराया था और हुआ भी यही।
हर बरसात में अस्पताल परिसर में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सामान्य बारिश में ही पानी भर जाने से स्पष्ट है कि अस्पताल की जल निकासी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। जगह-जगह पानी जमा रहने से आवाजाही प्रभावित हो जाती है और मरीजों को फिसलने का खतरा भी बना रहता है। जब कभी भारी बारिश होती है तो अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से संक्रमण और मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ जाता है। मरीजों और उनके परिजनों की ओर से अस्पताल परिसर से शीघ्र जल निकासी और नियमित सफाई की मांग की जाती रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर मानसून में यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभाग से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और परिसर का समतलीकरण करवाने की मांग की है, ताकि आगामी बारिश में मरीजों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अस्पताल में जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए नगरपरिषद प्रशासन से लगातार सम्पर्क किया गया है। उनकी ओर से जल्द इस समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया गया है। बीती रात में जो पानी जमा हुआ था, वह कुछ घंटों की अवधि में निकल गया था। आने वाले समय में इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
- डॉ. रविन्द्र सांखला, पीएमओ, जवाहिर चिकित्सालय, जैसलमेर
Updated on:
05 Jul 2026 08:50 pm
Published on:
05 Jul 2026 08:50 pm
