जैसलमेर

सर्दी की जकड़ में जैसाण, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री पर लुढक़ा

- शीतलहर व कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
2 min read
Feb 02, 2019
jaisalmer
सर्दी की जकड़ में जैसाण, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री पर लुढक़ा

जैसलमेर. जिले भर में कड़ाके की ठंड का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गत तीन दिन पूर्व हुई बूंदाबांदी के बाद सर्दी का असर एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। वहीं सुबह व शाम के समय कोहरे का असर बढऩे से वाहन चालकों व राहगीरों की परेशानी बढ़ जाती है। सर्दी से बचाव के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते नजर आ रहे हैं। शहर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। सर्दी के चलते स्थानीय लोगों व देशी-विदेशी सैलानियों की दिनचर्या व खानपान में भी बदलाव आया है। सुबह के समय पेड़ की पत्तियों से ओस की बूंदें टपकती नजर आती है। मौसम विभाग के अनुसार जैसलमेर में अधिकतम तापमान 18.7 व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
जैसलमेर जिले भर में पड़ रही कड़ाके की सर्दी के कारण स्कूली बच्चों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। सुबह के समय सर्दी में कम्पकंपाते हुए स्कूल पहुंचना बच्चों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होता है। दूसरी ओर क्षेत्र में स्वाइन फ्लू का प्रकोप भी बढ़ रहा है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों की भी चिंता बढऩे लगी है।
मौसमी बीमारियों के मरीज भी बढ़े
जिले भर में सर्दी का असर बढऩे के साथ ही अस्पतालों में सर्दी, जुखाम, खांसी, बुखार सहित अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। मौसमी बीमारियों की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या में सबसे अधिक संख्या 2 से 14 साल तक के बच्चों की है। जैसलमेर व ग्रामीण क्षेत्रों के चिकित्सालयों में इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ गई।

मोहनगढ़. क्षेत्र में गत तीन दिन से शीतलहर की चपेट में है। जिसके चलते ग्रामीणों की दिनचर्या में काफी परिवर्तन देखने को मिल रहा है। सर्दी से बचने के लिए जतन करते नजर आए। मोहनगढ़ क्षेत्र में सुबह के समय बादलों के साथ ही कोहरा छाया रहा। वहीं ठंडी हवाओं का दौर भी जारी रहा। जिसकी वजह से सुबह 11 बजे तक ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना दुभर हो गया। वहीं सर्दी से बचने के लिए अलाव तापने को मजबूर हुए। शुक्रवार को दोहपर के समय तेज धूप खिली। मगर तेज ठंडी हवाओं ने धूप का असर भी कम कर दिया। दिन भर ग्रामीण कड़ाके की ठण्डक के चलते ठिठुरते नजर आए। कस्बे के बाजार में सुबह के समय देरी से दुकाने खुलने लगी है।

यह रही मौसम की चाल
दिन अधिकतम न्यूनतम
27 जनवरी 22.6 8.9
28 जनवरी 22.7 7.9
29 जनवरी 24.3 8.1
30 जनवरी 24.8 12.5
31 जनवरी 18.2 10.3
01 फरवरी 18.0 7.1

02 फरवरी 18.7 7.0

Published on:
02 Feb 2019 07:44 pm