जैसलमेर

कलक्टर ने मनरेगा कार्यों, कोविड-केयर सैंटर व अस्पताल का लिया जायजा

जिला कलक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण- लाठी में जीएसएस व्यवस्थापक को किया निलम्बित

2 min read
Jul 23, 2020
कलक्टर ने मनरेगा कार्यों, कोविड-केयर सैंटर व अस्पताल का लिया जायजा

पोकरण. जैैसलमेर के नवनियुक्त जिला कलक्टर आशीष मोदी बुधवार को पोकरण क्षेत्र के दौरे पर रहे। सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक उन्होंने क्षेत्र में तूफानी दौरे के साथ मनरेगा कार्यों सहित अन्य सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया तथा आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनी। जिला कलक्टर आशीष मोदी बुधवार को सुबह आठ बजे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश के साथ जैसलमेर से रवाना होकर लाठी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर समस्याएं सुनी। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत खेतोलाई व गोमट में मनरेगा कार्यों, प्रधनमंत्री आवास तथा स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतोलाई में डूंगरेच्चा नाडी, बोदकी नाडी, गोमट में प्रधानमंत्री आवास योजना व स्वच्छ भारत मिशन के लाभार्थी रमजान पुत्र अब्दुल करीम व हाफिजो पत्नी फूसेखां के घर जाकर कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपखंड अधिकारी अजय अमरावत व पंचायत समिति सांकड़ा के विकास अधिकारी नारायण सुथार से कार्यों के बारे में जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश देते हुए कार्यों पर संतोष जताया।
कोविड-केयर सैैंटर की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
जिला कलक्टर मोदी अन्य अधिकारियों के साथ रामदेवरा रोड पर रैन बसेरे में स्थापित किए गए कोविड-कैयर सैंटर पहुंचे। उन्होंने ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉॅ.लोंग मोहम्मद राजड़ की ओर से चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर की गई व्यवस्थाओं तथा नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी तौफिक अहमद, कनिष्ठ अभियंता अंजूमन अंसारी, सहायक राजस्व निरीक्षक रामस्वरूप गुचिया से अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की महामारी पूरे विश्व में चल रही है। ऐसे में अधिकारियों को सचेत होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कोविड-केयर सैंटर में सभी प्रकार की सुविधा व व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए।
अस्पताल का किया निरीक्षण
जिला कलक्टर मोदी सभी अधिकारियों के साथ राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। उन्होंने अस्पताल परिसर, चिकित्सक कक्ष, ओपीडी, प्रयोगशाला, आइसोलेशन वार्ड, प्रसूति कक्ष, एक्स-रे रूम आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय प्रभारी अधिकारी डॉ.बाबूलाल गर्ग से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विशेष रूप से कोविड-19 को लेकर की गई अतिरिक्त व्यवस्थाओं के बारे में पूछताछ की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
जीएसएस व्यवस्थापक को किया निलम्बित
्रलाठी. जिला कलक्टर आशीष मोदी बुधवार को सुबह लाठी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्राम सेवा सहकारी समिति का निरीक्षण किया तथा किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। किसानों ने एक ज्ञापन सुपुर्द कर समिति की ओर से की गई अनियमितताओं की जानकारी देते हुए व्यवस्थापक के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। जिस पर जिला कलक्टर मोदी ने तत्काल प्रभाव से व्यवस्थापक को मौखिक रूप से निलम्बित करने के आदेश दिए। इसी प्रकार उन्होंने समिति के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को अनियमितताएं नहीं बरतने तथा किसानों को उनका हक दिलाने के निर्देश दिए।

Published on:
23 Jul 2020 01:02 pm
Also Read
View All