जैसलमेर

jaisalmer: कांग्रेस ने कल्पना रंगा तो भाजपा ने विमला गांधी को बनाया उम्मीदवार

पोकरण में नगरपालिका अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। गत दिनों पार्षदों के लिए हुए मतदान के बाद कांग्रेस के पास 12 व भाजपा के पास 11 पार्षद है। जबकि 2 निर्दलीयों ने चुनाव जीता है।
2 min read
Sep 16, 2026
pokaran news
कांग्रेस ने कल्पना रंगा तो भाजपा ने विमला गांधी को बनाया उम्मीदवार

पोकरण. पोकरण नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया का बुधवार को अंतिम दिन था। इस दौरान कांग्रेस की ओर से एक व भाजपा की ओर से दो प्रत्याशियों ने नामांकन जमा करवाए। साथ ही दोनों पार्टियों ने प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी है। पोकरण में नगरपालिका अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। गत दिनों पार्षदों के लिए हुए मतदान के बाद कांग्रेस के पास 12 व भाजपा के पास 11 पार्षद है। जबकि 2 निर्दलीयों ने चुनाव जीता है।

कांग्रेस की ओर से कल्पना रंगा पत्नी गोपाल रंगा को प्रत्याशी बनाया गया है। वह नगरपालिका के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण रंगा की पुत्रवधू है। कल्पना रंगा 12वीं उत्तीर्ण है और गृहणी के साथ व्यापार में पति व ससुर का सहयोग करती है। वह वार्ड संख्या 7 से पार्षद निर्वाचित हुई है। उसका यह पहला चुनाव है। जबकि ससुर नारायण रंगा दो बार पार्षद व एक बार नगरपालिका नेताप्रतिपक्ष रह चुके है। पति गोपाल रंगा कांग्रेस में जिला महासचिव है। उन पर अपराधिक मामले एक भी दर्ज नहीं है। सम्पत्ति पर नजर डालें तो कल्पना रंगा के पास 77.60 लाख नकदी, आभूषण है। पति गोपाल रंगा के पास 14.15 लाख की नकदी, आभूषण व वाहन है। भूमि-भवन की बात करें तो 1.35 करोड़ की सम्पत्ति स्वयं के पास और 1.10 करोड़ की सम्पत्ति पति के पास है।

भाजपा ने घोषित किया उम्मीदवार

भाजपा की ओर से वार्ड संख्या- 8 से निर्वाचित विमला गांधी पत्नी जुगलकिशोर गांधी को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया है। वह पांचवीं उत्तीर्ण व साक्षर है। स्वयं गृहणी है और पति के व्यापार में सहयोग करती है। इन पर भी कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं है। राजनीति में उनके परिवार का यह पहला अनुभव है। विमला स्वयं या परिवार के किसी सदस्य ने आज तक कोई चुनाव नहीं लड़ा है और पार्टी में भी कोई दायित्व नहीं है। सम्पत्ति की बात करें तो विमला गांधी के स्वयं के पास 77 लाख 30 हजार 432 की नकदी, आभूषण व वाहन है। जबकि पति जुगलकिशोर गांधी के पास 62 लाख 71 हजार 344 की नकदी, आभूषण व वाहन है। भूमि-भवन में स्वयं के पास 26 लाख 60 हजार 600 रुपए और पति के पास 4 करोड़ 49 लाख की सम्पत्ति है।

Updated on:
16 Sept 2026 09:09 pm
Published on:
16 Sept 2026 09:09 pm