
जैसलमेर. जैसलमेर जिला परिषद में कांग्रेस ने जिला प्रमुख के बाद अब उप जिला प्रमुख पद पर भी अपना कब्जा जमा लिया है। गुरुवार को कांग्रेस के हरीश धनदेव निर्विरोध उप जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित किए गए। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के बेटे हरीश धनदेव की इस पद पर ताजपोशी के साथ ही जिला परिषद में कांग्रेस का दबदबा पूरी तरह कायम हो गया है। जिला परिषद के चुनाव में कांग्रेस ने 21 में से 20 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। भाजपा के खाते में महज एक सीट आई थी। ऐसे में उप जिला प्रमुख के निर्वाचन में भी कांग्रेस की राह आसान रही।
उप जिला प्रमुख पद के लिए हरीश धनदेव ने अपना नामांकन दाखिल किया था। उनके अलावा किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन प्रस्तुत नहीं किया। निर्धारित समय तक दूसरा नामांकन नहीं आने के कारण निर्वाचन प्रक्रिया के तहत उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर, पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल सहित अन्य निर्वाचित सदस्य व कांग्रेसजन उपस्थित थे। सभी ने माल्यार्पण कर उन्हें निर्वाचन की बधाई दी। 36 वर्षीय हरीश धनदेव बीटेक इंजीनियर हैं। हरीश पूर्व में भी जिला परिषद सदस्य चुने गए थे।
जिला परिषद में कांग्रेस ने चुनाव परिणाम आने के बाद से ही मजबूत स्थिति बना रखी थी। पार्टी के 20 सदस्यों की जीत ने जिला परिषद में उसके बोर्ड गठन का रास्ता साफ कर दिया था। बुधवार को कांग्रेस की संतोष कुमारी निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। इसके बाद गुरुवार को उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस प्रत्याशी हरीश धनदेव का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। इस तरह जिला परिषद के दोनों प्रमुख पद कांग्रेस के खाते में चले गए हैं। भाजपा के पास जिला परिषद में केवल एक सदस्य होने से चुनावी मुकाबले की गुंजाइश भी नहीं रही। गौरतलब है कि जिला प्रमुख संतोष कुमारी का निर्वाचन भी खासा चर्चा में रहा। महज 21 वर्ष की उम्र में जिला प्रमुख बनने के साथ ही उन्होंने प्रदेश में सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बनने का रिकॉर्ड बनाया है। जिला परिषद के चुनाव में कांग्रेस की एकतरफा जीत के बाद पार्टी ने दोनों प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन करवाकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है। अब जिला परिषद में नई टीम के सामने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की चुनौती रहेगी।
जिला परिषद में जिला प्रमुख का चुनाव संपन्न होने के बाद उप प्रमुख के निर्वाचन पर सबकी निगाहें टिकी हुई थी। जानकारी के अनुसार कांग्रेस के दोनों प्रमुख खेमों में उम्मीदवारी को लेकर खासी मशक्कत की गई। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव ने प्रमुख पद पोकरण विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य के हाथ जाने के बाद उप प्रमुख पद जैसलमेर क्षेत्र से चुनाव जीते अपने पुत्र को सौंपे जाने की बात रखी। जबकि फकीर परिवार ने इसका विरोध किया। पर्यवेक्षक प्रहलाद गुंजल ने भी दोनों के बीच सहमति बनाने के प्रयास किए। बताया जाता है कि गत बुधवार की देर रात इस पर सहमति बनी कि पार्टी की एकता को बनाए रखने के लिए पूर्व विधायक के पुत्र को उम्मीदवारी सौंपी जाए।
पंचायती राज व्यवस्था के एक अन्य महत्वपूर्ण पद पंचायत समितियों में प्रधान के लिए शुक्रवार को चुनाव होंगे। जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया के लिए एक तरफ प्रशासन ने तैयारियां पूरी की है वहीं कांग्रेस के साथ कुछ समितियों में भाजपा भी पलटवार करने की कोशिश में है। गौरतलब है कि सभी समितियों में कांग्रेस ने भाजपा को पछाड़ दिया है, लेकिन भाजपा कुछ समितियों में निर्दलीयों के साथ अन्य दलों से निर्वाचित सदस्यों को अपने साथ मिला कर प्रधान पद हासिल करने के फेर में है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित पंचायत समितियों में बैठक आयोजित कर नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी करवाई जाएगी। आवश्यकता होने पर मतदान कराया जाएगा। प्रधान पदों के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में भी हलचल तेज है।