26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaisalmer / संविधान दिवस पर जैसलमेर में शैक्षणिक संस्थानों से गांवों तक गूंजे लोकतांत्रिक मूल्यों के संदेश

संविधान दिवस पर जैसलमेर में शैक्षणिक संस्थानों से गांवों तक गूंजे लोकतांत्रिक मूल्यों के संदेश

संविधान दिवस पर जैसलमेर में शैक्षणिक संस्थानों से लेकर गांवों तक लोकतांत्रिक चेतना और कानूनी जागरूकता के स्वर गूंजे। विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों तथा नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई। विभिन्न आयोजनों के जरिए संविधान की समझ को पुस्तकीय दायरे से निकालकर सामाजिक व्यवहार से जोड़ने का प्रयास किया गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 26 Nov 2026, 8:46 PM IST

jaisalmer news

जैसलमेर. संविधान दिवस के उपलक्ष्य में शपथ लेते हुए।

जैसलमेर. संविधान दिवस पर गुरुवार को जैसलमेर में शैक्षणिक संस्थानों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बीएसएफ डाबला, एसबीके राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों एवं युवाओं को संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई। वहीं, ग्राम सीतोड़ाई में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।

विद्यालय में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बीएसएफ डाबला में प्रभारी प्राचार्य महेंद्र कुमार और शिक्षकों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कक्षा 9 की छात्रा साक्षी के नेतृत्व में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन हुआ। भविता ने संविधान के महत्व पर भाषण दिया। चित्रकला गतिविधि में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विचार उकेरे।

मतदान को बताया लोकतांत्रिक जिम्मेदारी

एसबीके राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। प्राचार्य डॉ. श्यामसुंदर मीणा ने संवैधानिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की जानकारी दी। ईएलसी प्रभारी डॉ. मेहरा राम गोदारा ने नैतिक मतदान को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया। ईएलसी ब्रांड एम्बेसडर दुर्गेश सोनी, महेंद्र सिंह और रोशनी ने भी सहभागिता निभाई।

युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का संदेश

मेरा युवा भारत जैसलमेर की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में विकसित भारत युवा संवाद का विशेष संस्करण आयोजित हुआ। प्रधानाचार्य अशोक कुमार, ट्रेनर जानकी माहेश्वरी और यूथ आइकन ऋषिका पांडे ने युवाओं को संविधान, मौलिक अधिकारों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका की जानकारी दी। युवाओं ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

सीतोड़ाई में विधिक सेवा शिविर, बाल विवाह रोकथाम की शपथ

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ललित पुरोहित ने सीतोड़ाई ग्राम पंचायत भवन में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को विधिक अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत गरिमापूर्ण जीवन, स्वच्छ पर्यावरण, स्वास्थ्य और आजीविका के अधिकार समझाए। ग्रामीणों ने प्रस्तावना का वाचन कर बाल विवाह रोकथाम की शपथ ली। साथ ही मृत्यु भोज, दहेज, बाल विवाह और साइबर धोखाधड़ी जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

जैसलमेर. भारतीय संविधान दिवस पर डॉ. आंबेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी-कर्मचारी एसोसिएशन (अजाक) जिला शाखा की ओर से स्थानीय अंबेडकर पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष एवं अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार बारूपाल के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। अजाक संरक्षक डॉ. जेआर पवार ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जिसे 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने अंगीकृत किया था। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए तथा संविधान की रक्षा के लिए तत्पर रहना चाहिए।

जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार बारूपाल ने बाबासाहेब के जीवन और संविधान निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी। पूर्व महासचिव गोविंदराम गर्ग ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाकर उपस्थित सदस्यों को संविधान रक्षा की प्रतिज्ञा दिलाई। सचिव कमलाराम पवार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में केसी किराडू, संजीव कुमार वर्मा, डॉ. भवानी शंकर परिहार, खेताराम पवार, रामाराम राठौड़, केआर बामनिया, अशोक कुमार इंखिया, अनिल कुमार राठौड़, सुरेंद्र देवपाल सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।