जैसलमेर

jaisalmer: पालिकाध्यक्ष को पुलिस की गाड़ी में चढ़ाने पर विवाद, पुलिस से उलझे पूर्व मंत्री

पोकरण में नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पुलिस वाहन में बैठाने पर विवाद हो गया। पूर्व केबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद पुलिस से उलझ गए, वहीं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर जमकर हंगामा किया। काफी देर तक चले विवाद के बीच पुलिस और कांग्रेस नेताओं में तीखी बहस हुई।
2 min read
• •
Updated: 21 Sep 2026, 8:21 PM IST
pokaran news
पोकरण. प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से उलझते पूर्व मंत्री। पत्रिका

पोकरण ( जैसलमेर ). नगरपालिका के अध्यक्ष पद के लिए मतदान व मतगणना पूरी होने के बाद उस समय विवाद की स्थिति हो गई, जब नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पुलिस की गाड़ी में बिठा दिया गया। पूर्व केबिनेट मंत्री आरोप लगाते हुए पुलिस से उलझ गए। इस दौरान काफी देर तक हंगामा हुआ। गौरतलब है कि पालिकाध्यक्ष के लिए मतदान के बाद मतगणना हुई। इसमें कांग्रेस की कल्पना रंगा अध्यक्ष निर्वाचित हुई। सूचना पर पूर्व केबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर, चुनाव प्रभारी अंकुर चौधरी सहित कई नेता नगरपालिका पहुंचे। यहां मुख्य द्वार पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। काफी देर तक बहस के बाद भी उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हो-हल्ला किया।

पालिकाध्यक्ष को पुलिस की गाड़ी में बिठाने पर विवाद

अंदर प्रवेश को लेकर विवाद चल ही रहा था कि निर्वाचन प्रमाण पत्र व शपथ के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष कल्पना रंगा मतदान केन्द्र से बाहर निकली। बाहर निकलते ही पुलिस ने उन्हें अपनी गाड़ी में बिठा दिया और उन्हें घर ले जाने लगे। यह देखते ही पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद भड़क उठे। वे पुलिस से उलझते हुए नगरपालिका में घुस गए। यहां खड़ी पुलिस वृताधिकारी कैलाशकंवर राठौड़ से उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना रंगा नगरपालिका की अध्यक्ष निर्वाचित हुई है। वह कोई आरोपी या पुलिस की वांछित नहीं है। पुलिस की गाड़ी में बिठाने पर उन्होंने सवाल करते हुए नीचे उतारने और परिवार व उन्हें सुपुर्द करने की बात कही। जिस पर वृताधिकारी ने कहा कि सुरक्षा के कारणों के चलते उन्हें पुलिस की गाड़ी से घर तक ले जाया जाएगा। पूर्व मंत्री ने इसका विरोध किया। जिसके बाद अध्यक्ष कल्पना रंगा गाड़ी से नीचे उतर गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्रसिंह राठौड़ व तहसीलदार प्रीतमसिंह भुरटिया भी यहां पहुंचे, लेकिन उनकी समझाइश नहीं मानी गई। पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद सहित कांग्रेस नेता नवनिर्वाचित अध्यक्ष को अपने साथ लेकर रवाना हो गए।


पुलिस से उलझा युवक, किया गिरफ्तार

पोकरण. कस्बे में नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव के दौरान पुलिस से उलझे युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार सोमवार को नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान बाहर लोगों की भीड़ थी। भीड़ को सड़क से दूर कर नियंत्रित करने के दौरान एक युवक पुलिस से उलझ गया और झगड़े के लिए उतारु होने लगा। जिस पर सहायक उपनिरीक्षक मुकेश बीरा ने सांकड़ा के माधोपुरा निवासी धर्मवीरसिंह पुत्र भगवतसिंह राठौड़ को शांतिभंग कर उत्पात मचाने के आरोप में गिरफ्तार किया। जिसे जमानत पर रिहा किया गया। पुलिस से उलझने और थाने ले जाने के दौरान एकबारगी मौके पर हंगामे की स्थिति हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया।

Updated on:
21 Sep 2026, 8:21 PM IST
Published on: