जैसलमेर

अस्पताल में कोरोना का हाहाकार, मरीजों की भरमार

-बेड और ऑक्सीजन की किल्लत के बन रहे हालात-प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के छूट रहे पसीने

2 min read
Apr 30, 2021
अस्पताल में कोरोना का हाहाकार, मरीजों की भरमार

जैसलमेर. कोरोना से दिनोंदिन भयावह होते हालात के बीच जिला मुख्यालय स्थित जवाहिर चिकित्सालय में संक्रमित अथवा सीटी स्कोर के लिहाज से गंभीर मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। हालत यह है कि डेढ़ सौ शैय्याओं वाले इस अस्पताल के लगभग सभी वार्डों में कोरोना वायरस से जूझ रहे मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। मरीजों की तेजी से आवक से आने वाले दिनों में यहां बेड के साथ ऑक्सीजन का संकट छाने के पूरे आसार बन गए हैं। व्यवस्थाओं को बनाए रखने में जिला प्रशासन, चिकित्सालय और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के पसीने छूटने लगे हैं तथा आने वाले दिनों में हालात के बेकाबू होने के पूरे आसार दिखाई देने लगे हैं। पत्रिका टीम ने गुरुवार को अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया तो डराने वाली तस्वीर सामने नजर आई।
हर तरफ नजर आए चिंताजनक हालात
जिला प्रशासन के दखल के बाद जवाहिर चिकित्सालय में ज्यादा से ज्यादा मरीजों को भर्ती करने के लिए सभी वार्डों और इमारतों में बेड लगा दिए गए हैं। कभी केवल पुरानी इमारत के तीन.चार वार्डों में ही मरीजों को रखा जाता था। वर्तमान में इसके अलावा कोविड मरीजों के लिए डेडीकेटेड वार्ड और कॉटेज, ट्रोमा सेंटर में बंद पड़े दो हॉल, कार्यक्रमों व प्रशिक्षण आदि के लिए रखे गए भवन आदि सभी जगहों पर बेड लगाकर उनमें मरीजों को भर्ती किया जा चुका है। भर्ती मरीजों में कई जहां आराम करते दिखाई दिए, वहीं ऐसे अनेक मरीज थे, जिनकी सांस उखड़ रही थी और ऑक्सीजन को पूरे वेग के साथ चलाने के बावजूद सांस लेने में बेचैनी महसूस कर रहे थे। उनके परिजनों के चेहरों पर चिंता की लकीरें साफ पढ़ी जा सकती थी।
ओछे न पड़ जाए प्रयास
अस्पताल के दोनों फिजशियनों डॉ. रेंवतराम और डॉण् रोहिताश्व गुर्जर के हवाले वार्डों में भर्ती मरीज हैं। वे उनकी गिरती-संभलती सेहत पर नजर रखे हुए हैं। ऐसे ही डॉ. नरेश शर्मा, डॉ. लोकपाल सिंह, डॉ. सुरेंद्रसिंह आदि स्वास्थ्य के मोर्चे पर डटे हुए दिखे। अन्य चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ एक पांव पर खड़े होकर ड्यूटी कर रहे हैं। पीएमओ डॉ. जेआर पंवार व उनकी टीम के साथ वरिष्ठ आरएएस अधिकारी तथा जिला कोविड प्रभारी अनुराग भार्गव व प्रशासन की तरफ से व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए तैनात किए गए अन्य अधिकारी दिन में कई बार ऑक्सीजन सप्लाई सेंटर से लेकर अन्य भागों के चक्कर लगाकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। स्वयं जिला कलक्टर आशीष मोदी लगभग रोजाना मरीजों की आशाओं के इस एकमात्र केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास व्यास सहयोग दे रहे हैं। स्थितियों को बेकाबू होने से रोकने के लिए किए जा रहे प्रयास बढ़ते मरीजों की तादाद को देखते हुए कम साबित हो सकते हैं।

Published on:
30 Apr 2021 04:35 pm
Also Read
View All