जैसलमेर

जैसलमेर में कोरोना का सिक्सर, मचा हड़कम्प

-प्रशासन और पुलिस अधिकारी मुख्य बाजारों में समझाइश को पहुंचे-सभापति और उनके परिवार के नमूने नेगेटिव आने से राहत

2 min read
Jul 19, 2020
जैसलमेर में कोरोना का सिक्सर, मचा हड़कम्प

जैसलमेर. जैसलमेर में शनिवार सुबह और शाम को आई जांच रिपोर्ट में कुछ छह जनों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से हड़कम्प की स्थिति बन गई है। इनमें चार जनों का पूरा परिवार शामिल है। वहीं सुबह आई रिपोर्ट में पॉजिटिव पाए गए दो जनों में से एक शहर का प्रमुख मिठाई विक्रेता और दूसरा बैंककर्मी है। शहर में कोरोना का सिलसिला आगे बढ़ता देख दोपहर के समय अतिरिक्त कलक्टर ओपी विश्नोई और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश बैरवा के नेतृत्व में प्रशासन व पुलिस का अमला शहर के मुख्य बाजारों में पहुंचा और लोगों से संक्रमण से बचाव के उपायों को अमल में लाने की अपील की। दूसरी ओर जैसलमेर नगरपरिषद के सभापति हरिवल्लभ कल्ला और उनके परिवारजनों के साथ अन्य सम्पर्क वाले लोगों के सेम्पल नेगेटिव आने से सभी ने राहत की सांस ली।
कुल आंकड़ा 126 हुआ
सीमावर्ती जैसलमेर में कोरोना संक्रमितों का दायरा अब स्थानीय लोगों तक पहुंच रहा है। गत दिनों सभापति की पत्नी और डिप्टी सीएमएचओ के पॉजिटिव आने के बाद शनिवार सुबह शहर की एक प्रमुख मिठाई की दुकान के 48 वर्षीय संचालक तथा एसबीआई बैंक में काम करने वाले 40 वर्षीय कार्मिक के नमूने पॉजिटिव आ जाने से कोरोना की चेन आगे बढऩे की आशंका गहरा गई। पॉजिटिव पाए जाने वाले व्यक्तियों के घर चिकित्साकर्मी पहुंचे और अग्रिम कार्रवाई शुरू की। उनके निकटतम संबंधियों के साथ अन्य संपर्कितों की सूची तैयार करवाकर उनके सेम्पल लेने की कार्रवाई की गई। शनिवार दिन में जवाहर चिकित्सालय के कोविड सेंटर में सेम्पल देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिले में अब तक कोरोना से 126 जने पॉजिटिव हो चुके हैं। जिनमें से एक्टिव केस हालांकि 13 ही हैं।
प्रशासन व चिकित्सा महकमे के लिए चुनौती
शहर के जयनारायण व्यास कॉलोनी में सभापति कल्ला के घर में किराएदार बैंककर्मी का पूरा परिवार जिनमें उनके अलावा पत्नी और दो किशोरवय के लड़के शामिल हैं। जांच में शनिवार शाम पॉजिटिव आए हैं। जानकारी के अनुसार उनके घर में पिछले दिनों सुंदरकांड का पाठ रखवाया गया था। जिसमें सभापति कल्ला की पत्नीके साथ अन्य लोगों ने शिरकत की। इनमें से सभापति की पत्नी पिछले दिनों और एक अन्य बैंककर्मी शनिवार सुबह पॉजिटिव पाया गया। पूरे परिवार के पॉजिटिव आने से चिकित्सा अधिकारी भी यह मान रहे हैं कि वही लोग कोरोना संक्रमण के वाहक बने हैं। अब इस सिलसिले को आगे बढऩे से रोकने की चुनौती प्रशासन व चिकित्सा महकमे के सामने है।
...और यहां आई राहत की खबर
इस बीच सभापति हरिवल्लभ कल्ला और उनके परिवारजनों के साथ अन्य सम्पर्कितों के नमूने नेगेटिव आने से शहर के साथ प्रशासन ने राहत की सांस ली है। सभापति हरिवल्लभ कल्ला ने सोशल मीडिया के माध्यम से स्वयं इसकी पुष्टि करते हुए शुभकामनाएं देने वालों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने लोगों से कोरोना से बचाव की सरकारी एडवाइजरी की पूर्ण रूप से पालना करने की भी अपील की।

Published on:
19 Jul 2020 08:52 pm
Also Read
View All