
जैसलमेर . नोख गांव में ग्राम पंचायत की ओर से निर्माण करवाया गया खुला पड़ा नाला आए दिन हादसे को निमंत्रण दे रहा है। रविवार रात्रि में एक गाय व एक बैल इसमें गिरकर घायल हो गए। कुछ माह पूर्व ग्राम पंचायत की ओर से एक नाले का निर्माण करवाया गया था। यह नाला अभी तक खुला पड़ा है। रविवार की रात्रि में बारिश के मौसम में अलग-अलग जगहों पर एक गाय व एक बैल नाले में गिर गए। सोमवार को ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत कर गाय व बैल को बाहर निकाला।
शीघ्र होगा कार्य
नाले को पट्टियों से ढकने का कार्य स्वीकृत कर दिया गया है। शीघ्र ही पट्टियां आने पर नाले को ढका जाएगा।
-मेघसिंह भाटी, सरपंच ग्राम पंचायत, नोख
नगरपरिषद के बाहर धरना तीसरे दिन जारी
जैसलमेर. वाल्मिकी समाज सेवा संस्थान जैसलमेर की ओर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगरपरिषद के बाहर दिया जा रहा धरना सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। संस्थान के अध्यक्ष भगवानदास ने बताया कि तीसरे दिन भी प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की वार्ता नहीं की गई है। ऐसे में धरने पर बैठे लोगों में रोष व्याप्त है। सोमवार को अध्यक्ष भगवानदास बारेसा, महामंत्री विजय कुमार, श्यामलाल, गिरधर घुसर, गंगाराम, राजू, संजय, रोहित बारेसा, ज्योतिश, बाल किशन, दीपक, श्रवण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रवेशोत्सव के तहत निकाली रैली
जैसलमेर. स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नाचना की ओर से सोमवार को प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत रैली निकाली गई। प्रधानाचार्य हुकमचंद मीना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रैली के रूप में नारे लगाते हुए विद्यालय से रवाना हुए, जो आईजीएनपी कॉलोनी, अस्पताल रोड, किला चौक सहित विभिन्न मोहल्लों से होते हुए पुन: विद्यालय पहुंचे। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रवेशोत्सव कार्यक्रम, मिड-डे-मील के तहत दूध वितरण योजना सहित शिक्षा विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी तथा बालक बालिकाओं को सरकारी विद्यालयों में नामांकित करवाने का आह्वान किया।