जैसलमेर

धोरों की नगरी में बढ़ रहा शाही शादियों का क्रेज,देश-दुनिया से आने वाले मेहमानों को लुभाता है यह अंदाज

-बड़े घरानों की हो रही शादियों के लिए बन रहा पंसदीदा स्थल-देश-दुनिया से आने वाले मेहमानों को लुभाता है रजवाड़ी अंदाज
2 min read
Nov 23, 2018
jaisalmer
धोरों की नगरी में बढ़ रहा शाही शादियों का क्रेज,देश-दुनिया से आने वाले मेहमानों को लुभाता है यह अंदाज

जैसलमेर. गत दिनों मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और परिणीति चौपड़ा के प्रसिद्ध हेयर आर्टिस्ट संजना बत्रा की शादी में जैसलमेर आने के बाद अब स्वर्णनगरी एक बार फिर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ट ट्रम्प के दामाद जैरड कुशनर के विवाह समारोह में पहुंचने के कारण एक बार फिर स्वर्णनगरी सुर्खियों में है। देश-दुनिया में जैसलमेर की छवि लोकप्रिय पर्यटन स्थल के रूप में तो पुख्ता बनी हुई ही है साथ ही विगत कुछ वर्षों के दौरान यह शहर शाही अंदाज वाली शादियों का गवाह बना है। ऐसे में शहर में वेडिंग ट्यूरिज्म को अपने आप बढ़ावा भी मिल रहा है। शाही अंदाज की इन शादियों से करोड़ों रुपए का निवेश भी शहर के पर्यटन क्षेत्र में हो रहा है। जैसलमेर में बाहरी लोगों के पहुंचकर यहां शादी के बंधन में बंधने का चलन करीब एक दशक पहले शुरू हुआ। शुरूआत में विदेशी जोड़े यहां की होटलों में हिंदू परम्परा और रीति-रिवाजों से प्रभावित होकर शादी करते थे। धीरे-धीरे यहां की बड़ी होटलों में देश के धनाढ़्य वर्ग ने शादी समारोह आयोजित करने की शुरूआत की। शाही अंदाज में होने वाली इन शादियों की लोकप्रियता का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि हर वर्ष करीब एक दर्जन शादियां सम मार्ग, जोधपुर और बाड़मेर मार्ग स्थित सितारा होटलों में हो रही है। सितारा होटलों में आयोजित होने वाली इन शादियों की थीम अमूमन पुराने जमाने में राजा-रजवाड़ों के शादी समारोहों पर आधारित हुआ करती है, जिसमें बग्घी पर सवार होकर दूल्हा पहुंचता है और उसके दोनों ओर हाथों में भाले व मशालें थामे लोग चलते हैं। शादी का मंडप भी पुष्पमालाओं तथा लाइटिंग से वैसा तैयार करने की कोशिश रहती है। जैसलमेर शहर और इसके आसपास के स्थलों का आकर्षण बाहरी लोगों में बेतहाशा है। यहां स्तरीय होटलों की भी पूरी शृंखला है।
हवाई सेवा ने घटाई दूरियां
पहले देश के सभी महानगरों से लम्बी दूरी तय कर आना सभी हाई प्रोफाइल लोगों के लिए संभव नहीं होता। अब हवाई सेवा उपलब्ध होने से वेडिंग ट्यूरिज्म में बढ़ोतरी हुई है। बड़े बजट की शादियों में बॉलीवुड या टीवी से जुड़े कलाकार भी प्रस्तुतियां देने पहुंचते रहे हैं। स्टेज परफॉर्मेंस के लिए अनेक कलाकार बाहर से बुलाए जाते हैं। जैसलमेर ही नहीं राजस्थान भर की मशहूर लोक नृत्य शैलियों के कलाकार आयोजन के दौरान अपनी कला का जादू जगाते हैं। बजट औसतन 20 लाख से लेकर डेढ़ करोड़ तक का होता है। शादी के कार्यक्रम होटल के अलावा मूलसागर और सम सेंड ड्यून्स पर रखवाए जाते हैं। पूरी होटल को अंदर व बाहर से रंगीन रोशनियों से सजा कर किसी महल का नजारा पेश किए जाने से इन शाही शादियों की रौनक और बढ़ जाती है।

फैक्ट फाइल -
05 शाही शादियां औसतन हो रही जैसलमेर में
60 के करीब अब तक हो चुकी है शाही शादियां
06 बड़ी होटलों की तरफ से की जाती है व्यवस्थाएं
1 दशक पहले शुरू हुआ बड़ी शादियों का चलन

Published on:
23 Nov 2018 12:02 pm