- दुकानों पर लगी लम्बी कतारें, उड़ती रही नियमों की धज्जियां, जिम्मेदार बेखबर
पोकरण. बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से प्रदेशभर में जन अनुशासन पखवाड़ा चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत शनिवार व रविवार को वीकेंड कफ्र्यू लगाया जा रहा है। दो दिन तक बाजार बंद रहने के बाद सोमवार को बाजार खुले। सरकार की नई गाइडलाइन के अनुसार सोमवार को सुबह छह बजे से 11 बजे तक ही बाजार खुला रखने के आदेश दिए गए थे। जिसके कारण सोमवार को सुबह 11 बजे तक बाजारों में लोगों की भीड़ नजर आई। साथ ही गाइडलाइन की धज्जियां उड़ती भी देखी गई। गौरतलब है कि प्रदेश के साथ जिले व पोकरण कस्बे में कोरोना संक्रमण का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सरकार की ओर से लगाए गए वीकेंड कफ्र्यू के कारण शनिवार व रविवार को मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। इसके बाद सोमवार को सुबह छह बजे ही बाजार में दुकानें खुलने का दौर शुरू हो गया। किराणे सहित अन्य सामान की दुकानें खुलने के कारण खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी।
भीड़ ने भुलाए कायदे
सुबह नौ बजे बाद ग्रामीण क्षेत्रों से बसें भी पोकरण पहुंची। पोकरण कस्बेवासियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों के कारण बाजारों में आम दिनों की तरह चहल पहल नजर आई। किराणे की दुकानों व सब्जी के ठेलों पर भीड़ उमडऩे से सोशल डिस्टेंसिंग के नियम हवा होते देखे गए। इसके अलावा दुकानों पर भीड़ नजर आई। कई जने भीड़ में अपनी आवाज दबने के कारण मास्क उतारकर सामान लेते देखे गए।
यूं तो बढ़ जाएगा संक्रमण
कस्बे में सोमवार को हालात इस कदर थे कि चारों तरफ भीड़ नजर आ रही थी। हर कोई संक्रमण से बेफिक्र होकर सामान खरीदता देखा गया। सुबह 11 बजे तक मुख्य मार्गों व दुकानों पर भीड़ नजर आई। हालांकि पुलिस की ओर से कस्बे में गश्त कर आमजन को समझाइश की, लेकिन पुलिस की गाड़ी जाते ही हालात पुन: बिगड़ते देखे गए।
बाजार बंद होने के बाद पसरा सन्नाटा
सरकार के निर्देशानुसार किराणा व दूध सहित अनुमत दुकानों को 11 बजे तक ही खुला रखने के आदेश दिए गए थे। हालांकि सब्जी व फल फ्रूट के हाथ ठेलों को शाम पांच बजे तक अनुमत किया गया, लेकिन अन्य दुकानों के 11 बजे के बाद बंद हो जाने के कारण मुुख्य मार्ग सूने हो गए। लोग भी 11 बजे बाद घरों में दुबक गए। ऐसे में मुख्य बाजारों व मार्गों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।