जैसलमेर

विश्वविख्यात सोनार किले की घाटियों में अंधेरे का कब्जा, जिम्मेदारों की आंखों पर पट्टी!

विश्व विख्यात सोनार किले की घाटियां इन दिनों रात होते ही अंधेरे में डूब रही हैं, जिससे पर्यटन सीजन में देशी-विदेशी सैलानियों और करीब तीन हजार स्थानीय बाशिंदों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। रोशनी के अभाव में किले के संकरे और अंधेरे रास्तों पर वाहनों की आवाजाही के बीच दुर्घटना और अप्रिय वारदात की आशंका बनी हुई है। जिम्मेदार विभागों की इस अनदेखी से न केवल पर्यटन नगरी की साख प्रभावित हो रही है, बल्कि रात में होने वाले धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
3 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 8:33 PM IST
सोनार किले की घाटियों में पसरा सन्नाटा।
सोनार किले की घाटियों में पसरा सन्नाटा।

जैसलमेर. स्वर्णिम आभा और ऐतिहासिक वैभव से दुनिया को आकर्षित करने वाला जैसलमेर का सोनार किला रात होते ही इन दिनों अंधेरे के हवाले हो जाता है। विश्वस्तरीय पहचान रखने वाले इस ऐतिहासिक लिविंग फोर्ट की घाटियों में रोशनी का इंतजाम नहीं होना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर करारा तमाचा है। एक तरफ पर्यटन सीजन में देशी-विदेशी सैलानियों की आवाजाही बढ़ी हुई है, वहीं दूसरी तरफ किले की घाटियां अंधेरे में डूबी हैं। सवाल सीधा है, जब दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करने वाली धरोहर की बुनियादी व्यवस्था ही दुरुस्त नहीं, तो पर्यटन नगरी की प्रतिष्ठा कैसे कायम रहेगी?

करीब तीन हजार से अधिक लोगों की आबादी वाले इस लिविंग फोर्ट में रात के समय भी आवाजाही बनी रहती है। पर्यटक किले की खूबसूरती निहारने निकलते हैं, स्थानीय बाशिंदे अपने दैनिक कार्यों से आते-जाते हैं, लेकिन घाटियों में पसरा अंधेरा हर किसी के लिए खतरा बना हुआ है। अंधेरे रास्तों पर वाहनों की आवाजाही के बीच पैदल चलने वालों के टकराने और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। सुनसान अंधेरी जगहों पर किसी अप्रिय वारदात की आशंका भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि यह समस्या किसी से छिपी हुई नहीं है। गत शनिवार रात को भी सोनार किले की घाटियों में अंधेरे का यही मंजर देखने को मिला। पर्यटन सीजन में जब पर्यटकों की आवाजाही चरम पर है, तब भी जिम्मेदारों की ओर से पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होना समझ से परे है। सवाल यही उभर रहे hain कि क्या प्रशासन किसी हादसे का इंतजार कर रहा है? क्या पर्यटकों की सुरक्षा और स्थानीय लोगों की सुविधा उसकी प्राथमिकता में शामिल नहीं है? गौरतलाब है कि किले में छप्पन भोग सहित धार्मिक और सामाजिक आयोजन भी होते रहते हैं। ऐसे आयोजनों के दौरान रात में रोशनी का अभाव श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। विडंबना यह है कि जिस धरोहर की खूबसूरती और पहचान का प्रचार देश-दुनिया में किया जाता है, उसी के रास्तों की बुनियादी जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

अंधेरे ने छीन लिया ऐतिहासिक किले की रात्रिकालीन खूबसूरती का आनंद

अंधेरा कर रहा मायूस

सोनार किले की विश्वप्रसिद्ध खूबसूरती देखने पर्यटक आ रहे हैं, लेकिन रात में घाटियों के कई रास्तों पर अंधेरा देखकर निराश हो रहे हैं। इतने बड़े पर्यटन स्थल पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। अंधेरे में घूमना असुरक्षित महसूस होता है। प्रशासन को पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को गंभीरता से लेना चाहिए।

— राहुल शर्मा, पर्यटक

पांच सवाल- जिनसे बच नहीं सकते जिम्मेदार

- तीन हजार से अधिक आबादी वाले लिविंग फोर्ट की घाटियां अंधेरे में क्यों?

- पर्यटन सीजन में भी पर्यटकों की सुरक्षा के लिए लाइटिंग व्यवस्था क्यों नहीं?

- अंधेरे रास्तों पर दुर्घटना या अप्रिय वारदात हुई तो जिम्मेदारी कौन लेगा?

- छप्पन भोग और अन्य धार्मिक आयोजनों में रोशनी की व्यवस्था कौन करेगा?

- विश्वस्तरीय पहचान के बावजूद सोनार किले की बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी कब तक?

प्रचार खूब, सुविधाओं के नाम पर लापरवाही क्यों?

सोनार किले की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है। यहां आने वाले पर्यटक रात में भी किले का अनुभव करना चाहते हैं, लेकिन अंधेरे के कारण परेशानी होती है। विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल पर ऐसी अव्यवस्था देखकर अच्छा संदेश नहीं जाता। जिम्मेदारों को तत्काल व्यवस्था सुधारनी चाहिए।

— अमित वर्मा, पर्यटक

स्थानीय बाशिंदों की पीड़ा : अंधेरे में जिंदगी, हादसे का हर पल डर!

रोजाना आवाजाही में खतरा, जिम्मेदारों को नहीं दिखती परेशानी

किले में हजारों लोग रहते हैं। रात के समय घाटियों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से पैदल चलने वालों को परेशानी होती है। वाहन भी आते-जाते रहते हैं, ऐसे में टकराने और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार लगता है कि जिम्मेदारों को हमारी समस्या दिखाई ही नहीं देती।

— राजेश कुमार , स्थानीय निवासी

धार्मिक आयोजनों के दौरान भी अंधेरा

किले में छप्पन भोग सहित कई धार्मिक और सामाजिक आयोजन होते हैं। ऐसे अवसरों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी होती है। यह केवल पर्यटकों का नहीं, यहां रहने वाले हजारों लोगों का भी मुद्दा है। प्रशासन को अब इस अनदेखी को बंद करना चाहिए।

— गोविंद सिंह, स्थानीय निवासी

Updated on:
15 Nov 2026, 8:33 PM IST
Published on: