जैसलमेर

Jaisalmer: प्यासा रेगिस्तान: पानी की मांग बढ़ी, जल कनेक्शन की मंजूरी अटकी

जैसलमेर में घरेलू जल कनेक्शन के 687 आवेदनों में एक भी आवेदन स्वीकृत नहीं हुआ। 400 आवेदन लंबित हैं, जबकि 287 आवेदन खारिज होने से प्रक्रिया की रफ्तार पर सवाल उठे हैं। जैसलमेर-बाड़मेर-बालोतरा में 3070 आवेदनों में केवल 497 स्वीकृत, 1510 आवेदन खारिज हुए।
2 min read
Aug 08, 2026
jaisalmer water proble photo
नल का इंतजार... पानी की जरूरत के बीच जैसलमेर में कनेक्शन की फाइलें अटकी।

जैसलमेर. रेगिस्तान में पानी की जरूरत सबसे बड़ी है, लेकिन घर तक नल पहुंचाने वाली प्रक्रिया की रफ्तार चिंता बढ़ा रही है। क्षेत्रवार रिपोर्ट में जैसलमेर में घरेलू जल कनेक्शन के लिए 687 आवेदन दर्ज हुए। इनमें एक भी आवेदन स्वीकृत नहीं हुआ। 400 आवेदन लंबित हैं और 287 आवेदन खारिज किए जा चुके हैं। यानी जैसलमेर में दर्ज कुल आवेदनों में 58.2 प्रतिशत लंबित और 41.8 प्रतिशत खारिज हैं। स्वीकृति की हिस्सेदारी शून्य है। जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के आंकड़े एक साथ देखने पर तस्वीर और बड़ी हो जाती है। तीनों जिलों में घरेलू जल कनेक्शन के लिए कुल 3070 आवेदन दर्ज हुए। इनमें 497 स्वीकृत, 1063 लंबित और 1510 आवेदन खारिज हुए। आंकड़ों का सीधा गणित देखें तो तीनों जिलों में करीब 49.2 प्रतिशत आवेदन खारिज हुए। 34.6 प्रतिशत आवेदन अभी लंबित हैं, जबकि केवल 16.2 प्रतिशत आवेदन स्वीकृत हुए। सबसे बड़ा अंतर स्वीकृति और अस्वीकृति के बीच है। 497 स्वीकृत आवेदनों के मुकाबले 1510 आवेदन खारिज हुए। यानी खारिज आवेदनों की संख्या स्वीकृत आवेदनों से 1013 अधिक और करीब तीन गुना है।

तीनों जिलों की तस्वीर एक नजर में

-जैसलमेर : 687 आवेदन, 0 स्वीकृत, 400 लंबित, 287 खारिज

-बाड़मेर : 1112 आवेदन, 113 स्वीकृत, 402 लंबित, 597 खारिज

-बालोतरा : 1271 आवेदन, 384 स्वीकृत, 261 लंबित, 626 खारिज

-तीनों जिले : 3070 आवेदन, 497 स्वीकृत, 1063 लंबित, 1510 खारिज

बालोतरा में स्वीकृति सबसे ज्यादा, फिर भी खारिज आवेदन अधिक

तीनों जिलों की तुलना में बालोतरा की स्वीकृति दर सबसे अधिक है। यहां 1271 आवेदनों में 384 स्वीकृत हुए। यानी करीब 30.2 प्रतिशत आवेदन मंजूर हुए। इसके बावजूद 626 आवेदन खारिज किए गए, जो स्वीकृत आवेदनों से 242 अधिक हैं। 261 आवेदन अभी लंबित हैं। बाड़मेर में 1112 आवेदनों में सिर्फ 113 स्वीकृत हुए। 402 लंबित और 597 खारिज हैं। यहां स्वीकृति दर करीब 10.2 प्रतिशत रही। जैसलमेर में तस्वीर सबसे अलग है। 687 आवेदन होने के बावजूद स्वीकृति शून्य है। 400 आवेदन लंबित हैं और 287 खारिज हो चुके हैं।

जल्द जारी करेंगे नया वर्क आर्डर

पुराना टेंडर ख़त्म हुआ है, नया टेंडर कॉल कर दिया है। 5-10 दिन में दिनों आचार संहिता से पहले आचार संहिता से पहले ओपन कर नया वर्क आर्डर दे देंगे। इसके बाद कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

-अशोक कुमार मीणा, कार्यवाहक अधीक्षण अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जैसलमेर

Updated on:
08 Aug 2026 08:50 pm
Published on:
08 Aug 2026 08:50 pm