8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaisalmer: छात्रसंघ चुनाव की मांग पर एनएसयूआइ का हल्लाबोल, रक्त से लिखा राज्यपाल-सीएम के नाम पत्र

जैसलमेर में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर शनिवार को एनएसयूआई कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। एसबीके कॉलेज से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन गांधी प्रतिमा होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर सरकार से विश्वविद्यालय-महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव जल्द करवाने की मांग की।
2 min read
Google source verification
jaisalmer photo

गांधी प्रतिमा स्थल पर कार्यकर्ताओं ने रक्त से लिखी अपनी मांग

जैसलमेर. राजस्थान में विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर शनिवार को एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने जैसलमेर में विरोध प्रदर्शन किया। एसबीके कॉलेज के मुख्य द्वार से शुरू हुआ प्रदर्शन गांधी प्रतिमा स्थल होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और छात्रसंघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। विरोध प्रदर्शन की शुरुआत सुबह एसबीके कॉलेज के मुख्य द्वार पर हुई।

बड़ी संख्या में एनएसयूआइ कार्यकर्ता और छात्र यहां एकत्रित हुए और छात्रसंघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। लंबे समय से चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों की आवाज को उचित मंच नहीं मिल पा रहा है।

गांधी प्रतिमा के सामने निकाला रक्त, लिखा पत्र

कॉलेज से प्रदर्शनकारी हनुमान चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पहुंचे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर और एनएसयूआइ जिलाध्यक्ष मानाराम के नेतृत्व में यहां कार्यकर्ताओं ने अनूठे तरीके से विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने अपने शरीर से रक्त निकालकर उसी से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखा। इस दौरान छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा और सरकार पर चुनाव करवाने के लिए दबाव बनाया जाएगा। गांधी प्रतिमा स्थल पर प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक नारेबाजी होती रही। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में जिला कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। रास्ते में भी छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए।

कलेक्ट्रेट में पुलिस से आमना-सामना

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस ने बेरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। यहां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक जैसी स्थिति बनी और प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की। गुस्साए कुछ कार्यकर्ता पुलिस के बेरिकेड और कलेक्ट्रेट के गेट पर चढ़ गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी देर तक कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर चलता रहा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव बहाल होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।