जैसलमेर

स्थगन आदेश के बाद करवाए जा रहे निर्माण कार्य को रुकवाने की मांग

- अतिरिक्त संभागीय आयुक्त को ज्ञापन देकर दी आंदोलन की चेतावनी

less than 1 minute read
Mar 26, 2021
स्थगन आदेश के बाद करवाए जा रहे निर्माण कार्य को रुकवाने की मांग

पोकरण. क्षेत्र के ऊजला गांव में पांच बीघा गोचर भूमि पर न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को अतिरिक्त संभागीय आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सुपुर्द किया तथा कार्य रुकवाने व निर्माण कार्य करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त अरुण पुरोहित के गुरुवार को पोकरण प्रवास के दौरान प्रधान भगवतसिंह तंवर, कमलसिंह चारण, नैनसिंह, गजदान, आईदानसिंह भाटी, गुमानसिंह, भंवरदान, किशनसिंह, रवि चारण, शंकरराम सुथार, मूलाराम सहित लोगों ने एक ज्ञापन सुपुर्द कर बताया कि ऊजला के खसरा संख्या 39 गैरमुमकिन गोचर की तीन बीघा भूमि व खसरा संख्या 57 की दो बीघा कुल पांच बीघा भूमि पर राजस्व अपील अधिकारी बाड़मेर की ओर से स्थगन आदेश दिया गया है। स्थगन आदेश के बावजूद मौके पर निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में 12 मार्च को जिला कलक्टर, उपखंड अधिकारी व तहसीलदार, 15 मार्च को उपखंड अधिकारी, 22 मार्च को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपखंड अधिकारी को दिया गया। जिसके साथ स्थगन आदेश की प्रति भी दी गई। बावजूद इसके अधिकारियों की ओर से निर्माण कार्य नहीं रुकवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि शीघ्र यहां निर्माण कार्य नहीं रुकवाया जाता है, तो मौके पर अशांति व विवाद की स्थिति भी हो सकती है तथा हालात भी बिगड़ सकते है। उन्होंने यहां चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाने की मांग करते हुए बताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो ग्रामीणों की ओर से मौके पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Published on:
26 Mar 2021 06:15 pm
Also Read
View All