
जैसलमेर. रामदेवरा गांव में आरसीपी गोदाम से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 तक डामर सडक़ का निर्माण नहीं होने के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि आरसीपी गोदाम से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 तक कच्चा मार्ग स्थित है। यहां से दिन रात राहगीरो व वाहन चालकों का आवागमन लगा रहता है। यहां सडक़ निर्माण नहीं होने के कारण राहगीरों व वाहन चालकों का आवागमन मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन प्रेषित कर यहां कच्चे मार्ग पर डामर सडक़ निर्माण करवाने की मांग की है।
पुलिस पर पथराव कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने के दो आरोपित गिरफ्तार
पोकरण. पुलिस ने गत तीन वर्ष पूर्व क्षेत्र के भणियाणा गांव में राजकार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस बल पर पथराव कर जानलेवा हमला करने के आरोप में बुधवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी सुखराम विश्रोई ने बताया कि वर्ष 2015 में भणियाणा मुख्य चौराहे पर दो गुटों में हुए आपसी संघर्ष के बाद कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर जानलेवा हमला किया तथा राजकार्य में बाधा पहुंचाई। जिस पर तत्कालीन थानाधिकारी की ओर से मामला दर्ज करवाया गया था। बुधवार को मामले के आरोपित पन्नासर निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र गनीखां व फूसासर निवासी वहीदुल्ला पुत्र बलीखां को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार सबीर व बुधवार को गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया। जहां उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए गए।
क्षतिग्रस्त सडक़ से हो रही परेशानी
रामदेवरा. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 से रावचरिया तालाब व बाजार जाने वाली लिंक रोड क्षतिग्रस्त होने के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। गांव में नाचना चौराहा से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 से रावचरिया तालाब व बाजार जाने वाली लिंक रोड क्षतिग्रस्त पड़ी है। जिसके चलते राहगीरों व वाहन चालकों का आवागमन मुश्किल हो रहा है।