जैसलमेर

Jaisalmer: जैसलमेर के 14 केंद्रों पर सीधी भर्ती परीक्षा संपन्न, वनपाल बनने के लिए दौड़ाए दिमागी घोड़े

जैसलमेर मुख्यालय के 14 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत 3327 अभ्यर्थियों में से 2401 ने उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 926 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नकल रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सघन जांच और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
2 min read
Jun 28, 2026
jaisalmer news
जैसलमेर. अमर शहीद सागरमल गोपा राउमावि केंद्र से बाहर निकलते अभ्यर्थी।

जैसलमेर. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से रविवार को वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 जैसलमेर मुख्यालय के 14 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हो गई। इस परीक्षा में कुल 3327 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, उनमें से 2401 ने परीक्षा दी और 926 जने गैरहाजिर रहे। इस तरह से 72.17 प्रतिशत परीक्षा देने पहुंचे और 27.83 प्रतिशत अनुपस्थित रहे। पूर्वाह्न 11 से दोपहर बाद 1 बजे तक आयोजित परीक्षा के लिए स्थापित किए गए 14 केंद्रों में से 7 राजकीय और 7 निजी शिक्षण केंद्र थे।

सबसे ज्यादा 76.85 अभ्यर्थी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुथार पाड़ा जैसलमेर में और सबसे कम 65.48 प्रतिशत अभ्यर्थी अमर शहीद सागरमल गोपा राउमावि में परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद रहा। नकल और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों और वीक्षकों की ओर से अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई।

कड़ी जांच के बाद मिला प्रवेश

अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र के मिलान के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। जिला प्रशासन की सतर्कता, पुलिस की मुस्तैदी और परीक्षा केंद्रों पर प्रभावी प्रबंधन के कारण परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या गड़बड़ी की कोई सूचना नहीं मिली। निर्देशों के अनुसार, समय की पाबंदी का भी सख्ती से पालन किया गया। परीक्षा शुरू होने से ठीक एक घंटे पहले सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। निर्धारित समय के बाद पहुंचे अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया।

नजर आया आत्मविश्वास

परीक्षा केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरों पर आत्मविश्वास नजर आया। वे आपस में प्रश्रपत्र को लेकर चर्चा करते भी दिखाई दिए। ज्यादातर युवक-युवतियां टीशर्ट-लोअर जैसे आरामदायक कपड़ों में नजर आए। वहीं अधिकांश युवकों ने आधी बाजू का टीशर्ट या शर्ट पहना हुआ था। कई युवतियों को लिवाने के लिए उनके परिजन परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े थे। वे निर्धारित समय से पहले ही केंद्रों के बाहर पहुंच गए। प्रश्रपत्र के अलावा मौसम में व्याप्त तीव्र गर्मी ने भी अभ्यर्थियों की कड़ी परीक्षा ली।

Published on:
28 Jun 2026 08:42 pm