बीकानेर

दुर्घटना के बाद अस्पताल में अव्यवस्थाएं हावी

-बिजली बंद होने पर चालू नहीं हुआ जनरेटर -एक घायल को स्टे्रचर नहीं होने से धरती पर सुलाया -आए दिन परेशानी होने के बावजूद जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
3 min read
• •
Updated: 27 May 2017, 10:31 PM IST
accident
jaisalmer accident
पोकरण. चारों तरफ चीख पुकार, दर्द से कराहते लोग, न बिजली, न हवा की व्यवस्था, परेशान होते घायल और उनकी सेवा में लगे सामाजिक कार्यकर्ता। कुछ ऐसे ही हालात थे शनिवार को कस्बे से आठ किमी दूर जोधपुर रोड पर हुए हादसे के बाद पोकरण के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के। यहां अव्यवस्थाओं के चलते घायलों व अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार को दोपहर करीब साढे 12 बजे जोधपुर रोड पर जातरुओं से भरी एक स्कॉर्पियो गाड़ी पलट गई, जिसमें सवार चार जनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सात अन्य जने घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय राजकीय अस्पताल लाया गया। यहां अव्यवस्थाओं के चलते उन्हें खासी परेशानी हुई।
कूलर केवल कर्मचारियों के लिए
इन दिनों पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप चल रहा है तथा पारा 45 डिग्री से पार पहुंच रहा है। इस दौरान अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में पर्याप्त हवा की व्यवस्था नहीं है। यहां मात्र चार पंखे लगे हुए है, जो गर्म हवा दे रहे है। इसके अलावा एक कूलर लगा हुआ है, तो वह भी केवल कर्मचारियों के लिए ही है। घायलों को इसकी हवा तक नहीं मिलती। ऐसे में शनिवार को दुर्घटना के दौरान आए घायलों को भीषण गर्मी में खासी परेशानी हुई। यहां पूर्व में एक एसी लगी हुई थी, लेकिन खराब हो जाने के कारण उसे हटा दिया गया है।
...और चली गई लाइट
घायलों के राजकीय अस्पताल पहुंचने के करीब 10 मिनट बाद ही अचानक विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। ऐसे में भीषण गर्मी, तो ऊपर से बिजली बंद। ऐसे में घायलों के साथ ही चिकित्साकर्मियों की परेशानी और भी बढ़ गई। इस दौरान अस्पताल के कर्मचारियों को जनरेटर चालू करने का भी कहा गया, लेकिन वह भी समय पर चालू नहीं हो पाया। करीब 20 मिनट बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु होने पर राहत मिली।
नहीं है पर्याप्त स्ट्रेचर
आपातकालीन कक्ष में केवल चार स्ट्रेचर लगे हुए है। शनिवार को हुई दुर्घटना में सात घायलों को अस्पताल लाया गया। इस दौरान एक घायल को पहले जमीन पर सुलाया गया तथा बाद में उसका प्राथमिक उपचार कर उसे बरामदे में बिठा दिया गया। इसके अलावा दो घायलों को स्टूल व कुर्सी पर बिठाया गया। जिससे दर्द से कराहते घायलों को राहत नहीं मिल सकी।
नहीं रुकती बाहरी लोगों की भीड़
दुर्घटना के तत्काल बाद अस्पताल में बाहरी लोगों का जमावड़ा लग जाता है। ये लोग सीधे आपातकालीन कक्ष की तरफ भागते है। कक्ष छोटा होने के कारण यहां भगदड़ सी मच जाती है। हालांकि पुलिस के आने के बाद लोगों को बाहर किया जाता है, लेकिन पुलिस के नहीं आने तक यहां चिकित्सकों के लिए घायलों का उपचार कर पाना मुश्किल हो जाता है।
मदद को उठे हाथ
दुर्घटना होते ही पास ही स्थित एक निजी होटल के मालिक भाजपा युवा नेता संतोष पालीवाल, पेट्रोलपंप के मालिक कुलदीपसिंह चंपावत, जानकीलाल माली, कांग्रेस नेता हेमंत पालीवाल, प्रदीपसिंह विरमदेवरा मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी में फंसे घायलों को तत्काल बाहर निकाला। उन्होंने दुर्घटना की सूचना 108 एम्बुलेंस को भी दी। लोगों ने कुछ घायलों को तत्काल निजी वाहनों तथा शेष घायलों को 108 एम्बुलेंस से पोकरण अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही यहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने तत्काल घायलों को संभालते हुए उनके उपचार में मदद की। संतोष पालीवाल, कुलदीपसिंह चंपावत, हेमंत पालीवाल, प्रदीपसिंह विरमदेवरा घायलों को लेकर जोधपुर पहुंचे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी मंत्री अमराराम चौधरी ने पत्रिका कार्यालय से घायलों को कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने दुर्घटना पर दु:ख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
...मार सके न कोई
जाको राखे सांईयां, मार सके न कोई...। ये कहावत चरितार्थ हुई शनिवार को हुई दुर्घटना के दौरान, जब एक स्कॉर्पियो गाड़ी पलटने से उसमें सवार चार जनों की मौके पर ही मौत हो गई तथा सात जने घायल हो गए। जिन्हें जोधपुर रैफर किया गया। इस भीषण हादसे के दौरान गाड़ी में सवार पदमाराम पुत्र नारायणराम को खरोंच तक नहीं आई। इसी प्रकार दुर्घटना में बालोतरा के कनाना निवासी कपिल (3) पुत्र ओमाराम के कोई नुकीली वस्तु सीने के आर-पार निकल गई तथा उसके छेद हो गया। गंभीर हालत में संतोष पालीवाल व सुरेन्द्रसिंह चंपावत उसे अपनी गाड़ी में अस्पताल लेकर आए तथा प्राथमिक उपचार करवाकर उसे जोधपुर के लिए लेकर रवाना हो गए। करीब ढाई बजे जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचकर मासूम को आईसीयू में भर्ती करवाया। तत्काल उपचार मिलने से गंभीर हालत में भी उसकी जान बच गई।
Published on: