- व्यवस्थाओं का जायजा लेकर किया निर्देशित
पोकरण. जिला कलक्टर आशीष मोदी ने सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न राजकीय अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलक्टर मोदी ने कस्बे के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर, इनडोर, आउटडोर, प्रयोगशाला कक्ष, चिकित्सक कक्ष आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के प्रभारी डॉ.प्रकाश चौधरी से आउटडोर में मरीजों की स्थिति, इनडोर में भर्ती मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां आने वाले मरीजों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से अवगत करवाने तथा अधिकाधिक संख्या में पंजीयन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में चल रहे वैक्सीनेशन कार्य का भी निरीक्षण किया तथा 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों के टीकाकरण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने सैम्पलिंग कार्य का निरीक्षण कर अधिक संख्या में सैम्पल लेने और कोरोना संक्रमितों की पहचान कर उनका उपचार करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार जिला कलक्टर मोदी ने रामदेवरा रोड पर विश्राम गृह में बनाए गए कोविड कैयर सैंटर का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों के साथ ली बैठक
जिला कलक्टर मोदी ने उपखंड अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने कोरोना संक्रमण की स्थिति, अब तक किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने जरूरी प्रबंधों को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने तथा आमजन को कोई परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ख्याल रखने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का 30 अप्रेल तक प्रचार प्रसार करने तथा प्रत्येक परिवार को उसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा कोरोना को लेकर प्रत्येक जरूरी व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध करने, क्षेत्र में लगातार भ्रमण व निरीक्षण कर पर्यवेक्षण पर ध्यान देने, गाइडलाइन की पालना करवाने, किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए। इस मौके पर कोविड प्रभारी व उपनिवेशन विभाग के अतिरिक्त आयुक्त दुर्गेश बिस्सा, उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई, तहसीलदार बंटी राजपूत, ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.लोंग मोहम्मद, थानाधिकारी माणकराम विश्रोई, मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी प्रवीण मेहत्ता सहित अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
भणियाणा व फलसूण्ड अस्पताल की भी देखी व्यवस्थाएं
पोकरण (आंचलिक). जिला कलक्टर आशीष मोदी ने सोमवार को क्षेत्र के भणियाणा व फलसूण्ड गांव में स्थित राजकीय सामुुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में कोरोना संक्रमण की स्थिति, चिकित्सा विभाग की ओर से किए गए प्रबंधों, वैक्सीनेशन, सैम्पलिंग कार्य की जानकारी ली। भणियाणा अस्पताल के चिकित्साधिकारी डॉ.अजयपालसिंह भाटी व डॉ.महेन्द्र चारण ने व्यवस्थाओं से अवगत करवाया। इसी प्रकार फलसूण्ड गांव में स्थित अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चिकित्सकों ने जानकारियां दी। इस मौके पर उपखंड अधिकारी दुदाराम, ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.लोंग मोहम्मद, थानाधिकारी खेताराम भणियाणा, भंवरलाल फलसूण्ड सहित अधिकारी उपस्थित रहे।