जैसलमेर

दलदल में फंसने से एक गाय की मौत, पांच घायल

लाठी क्षेत्र के खेतोलाई गांव के पास स्थित होपालकी तालाब के दलदल में फंसने से एक गाय की मौत हो गई। हादसे में पांच गायें घायल हो गई।

2 min read
May 06, 2026

लाठी क्षेत्र के खेतोलाई गांव के पास स्थित होपालकी तालाब के दलदल में फंसने से एक गाय की मौत हो गई। हादसे में पांच गायें घायल हो गई। गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में क्षेत्र के जलस्त्रोतों में पानी सूखने के कगार पर है। ऐसे में जमीन दलदली हो गई है। दलदल में पानी पीने के लिए जाने वाले पशु फंस जाते है और हादसे का शिकार हो जाते है। खेतोलाई गांव के पास स्थित होपालकी नाडी पर मंगलवार को भी गायों का झुंड पानी पीने के लिए गया। इस दौरान दलदल में छह गायें फंस गई। पूरी रात फंसे रहने के कारण एक गाय की मौत हो गई। सूचना पर भादरिया गोशाला के कार्मिक मौके पर पहुंचे। कामधेनु सेना खेतोलाई के ग्राम प्रभारी नींबाराम विश्नोई ने बताया कि करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत कर गायों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पशु चिकित्सक को मौके पर ही बुलवाकर घायल गायों का उपचार करवाया गया। इसके बाद घायल गायों को भादरिया गोशाला ले जाकर भर्ती किया गया।

गाय को बचाने के प्रयास में स्कूटी रपटी, दो जनें घायल

लाठी क्षेत्र के खेतोलाई गांव के पास बुधवार को सुबह गाय को बचाने के प्रयास में एक स्कूटी रपट गई। जिससे उस पर सवार दो जनें घायल हाे गए। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे ओढ़ाणिया निवासी अयूब (25) पुत्र रफीक खां व उसका छोटा भाई मुख्तियार (20) स्कूटी से खेतोलाई से लाठी की तरफ आ रहे थे। खेतोलाई गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 11 पर स्कूटी के आगे अचानक एक गाय आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और रपट जाने से दोनों भाई गिरकर घायल हो गए। यहां से गुजर रहे लाठी के अली खां मंगलिया, कामधेनु सेना खेतोलाई ग्राम प्रभारी नींबाराम विश्नोई आदि ने पोकरण अस्पताल पहुंचाया। यहां गंभीर हालत के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर रैफर कर दिया गया।

अभियान के क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार नालसा स्कीम के तहत सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए बुधवार को तालुका विधिक सेवा समिति के कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. महेन्द्र कुमार गोयल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवीन रतनू, सरकारी विभागों के प्रतिनिधि, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी आदि उपस्थित रहे। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. गोयल ने मई माह में होने वाले शिविरों में पोक्सो एक्ट के प्रति बच्चों और अभिभावकों को जानकारी देने, जागरुक करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने की बात कही। एसीजेएम रतनू ने पैनल अधिवक्ताओं और पीएलवी को कोर्ट वाली दीदी पहल के तहत स्कूलों में शिकायत पेटियों की गोपनीयता सुनिश्चित करने एवं बच्चों में विश्वास पैदा करने की जिम्मेवारी दी। इस दौरान पोकरण के दूर-दराज क्षेत्रों में कलस्टर आधारित जागरुकता कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया गया। जिसके अंतर्गत कहानी सुनाने, नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्मों जैसे प्रभावी माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने अभियान के प्रभावों का मूल्यांकन करने और डिजीटल रिपोर्टिंग के दौरान बच्चों की निजता का पूर्ण सम्मान करने काे कहा।

Published on:
06 May 2026 08:15 pm
Also Read
View All