
जैसलमेर. असत्य पर सत्य की विजय का पर्व विजयदशमी मंगलवार को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। जैसलमेर के शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में इस वर्ष रावण 45 फीट, उसके भाई कुम्भकर्ण और पुत्र मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। शाम 6.30 बजे पुतलों का दहन कार्यक्रम होगा। इस मौके पर रंगारंग आतिशबाजी भी की जाएगी। नगरपरिषद ने हमेशा की भांति पुतला दहन और आतिशबाजी का आयोजन रखा है। आयुक्त पवन कुमार ने बताया कि 10 लाख रुपए की रकम निर्धारित की है।
गौरतलब है कि प्रतिवर्ष विजयदशमी के मौके पर स्टेडियम में सूर्यास्त के बाद तीनों पुतलों का दहन और रंग-बिरंगी आतिशबाजी का कार्यक्रम आयोजित करवाया जाता है। अतिथियों के तौर पर जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी इन पुतलों का दहन करते रहे हैं।
विजयदशमी पर दहन के समय रावण की आंखों से अंगारे बरसते नजर आएंगे। मुंह से आग के गोले और नाभि-सिर पर अग्निचक्र चलता है तो तलवार से चिंगारियां फूटेंगी। इस बीच आसमान में आतिशबाजी से आकाशगंगा के नजारे बनेंगे। कई तरह के पटाखे और धमाकों के साथ नई तरह की आतिशबाजी कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा। विगत वर्षों में नगरपरिषद की तरफ से रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतलों की ऊंचाई बढ़ी है। जिससे लोगों का आकर्षण भी वर्ष दर वर्ष बढ़ा है। इस अवसर पर शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में हजारों की संख्या में शहरी व ग्रामीणों की मौजूदगी रहती है। पूनम स्टेडियम में तीनों पुतलों को तैयार किया गया है। जानकारी के अनुसार पूनमसिंह स्टेडियम में करीब आधे घंटे तक रंग-बिरंगी आतिशबाजी की जाएगी। जिससे वहां का पूरा आकाश आतिशी नजारों से पट जाएगा।