रामदेवरा. घरों में नल से पानी आने का कोई तय भरोसा नहीं और रोजमर्रा की जरूरतें भी टाली नहीं जा सकतीं। ऐसे में रामदेवरा के विभिन्न वार्डों में परिवारों को अपनी जेब ढीली कर पानी खरीदना पड़ रहा है। अनियमित जलापूर्ति के चलते लोगों के सामने पेयजल संकट के साथ आर्थिक परेशानी भी खड़ी हो गई है। गर्मी में पानी की खपत बढ़ने के साथ मोल पानी पर निर्भरता भी बढ़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से नियमित जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है। कभी समय पर पानी नहीं मिलता तो कभी सप्लाई के बीच कई दिनों का अंतराल रहता है। ऐसे में पीने के पानी से लेकर खाना बनाने, कपड़े धोने और दूसरे घरेलू कामों के लिए पर्याप्त पानी जुटाना मुश्किल हो जाता है। मजबूरी में निजी स्तर पर पानी खरीदना पड़ता है, जिससे परिवारों के मासिक खर्च में अतिरिक्त बढ़ोतरी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।