
आश्वासन के बाद धरना समाप्त करवाते हुए।
रामगढ़ (जैसलमेर). राघवा-सेउवा क्षेत्र में सोलर परियोजना के लिए प्रस्तावित जमीन के मामले को लेकर पिछले 255 दिनों से चल रहा धरना आखिरकार समाप्त हो गया। जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को जूस पिलाया और अनशन तुड़वाया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित जमीन को अन्यत्र स्थानांतरित करने का भरोसा दिलाया। साथ ही मामले की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए कमेटी गठित करने की बात कही। लंबे आंदोलन के बाद धरना समाप्त होने से अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
मामले के समाधान के लिए गठित होने वाली कमेटी में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों और सीमा जनकल्याण समिति के पदाधिकारियों को शामिल करने की बात कही गई है। कमेटी मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर जमीन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल करेगी। इसके बाद जमीन स्थानांतरण की दिशा में आगे की कार्रवाई का रास्ता तय होगा।
प्रस्तावित जमीन के मुद्दे पर ग्रामीण लंबे समय से विरोध दर्ज कराते हुए समाधान की मांग कर रहे थे। 255 दिनों तक चले धरने के दौरान जमीन को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। आखिरकार विधायक के हस्तक्षेप और जमीन स्थानांतरण के आश्वासन के बाद धरना समाप्त करने पर सहमति बनी।
धरना समाप्ति के दौरान विधायक छोटूसिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा, आईदानसिंह, दीपसिंह, कंवराजसिंह, सवाईसिंह, हुकमाराम, मनोहरसिंह, उपखंड अधिकारी, रामगढ़ तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पोकरण . राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी छात्रवृति व स्कूटी योजना में 30 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। छात्रवृति नॉडल अधिकारी प्रदीप परिहार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजकीय कन्या महाविद्यालय, फलसूंड के राजकीय महाविद्यालय व भणियाणा के चौधरी खरताराम राजकीय महाविद्यालय के पात्र विद्यार्थी निर्धारित समयावधि में छात्रवृति योजनाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। परिहार ने बताया कि कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी वितरण योजना, देवनारायण छात्रा स्कूटी एवं प्रोत्साहन राशि योजना प्रथम वर्ष, देवनारायण छात्रा प्रोत्साहन राशि योजना स्नातक एवं स्नातकोत्तर, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृति योजना और जनजाति छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा आर्थिक सहायता योजना के अंतर्गत नियमानुसार आवेदन किए जा सकेंगे।
Updated on:
18 Oct 2026 08:55 pm
Published on:
18 Oct 2026 08:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
