जैसलमेर जिले में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां पिछले कुछ दिनों से तेज गर्मी और तपिश का दौर चल रहा था, वहीं बुधवार को मौसम पूरी तरह बदला नजर आया। अधिकतम तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
जैसलमेर जिले में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां पिछले कुछ दिनों से तेज गर्मी और तपिश का दौर चल रहा था, वहीं बुधवार को मौसम पूरी तरह बदला नजर आया। अधिकतम तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा और धूप-छांव का खेल चलता रहा। दिन में कई बार हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे मौसम और अधिक सुहावना हो गया। बूंदाबांदी के साथ चली शीतल हवाओं ने वातावरण में ठंडक घोल दी। हालांकि बारिश बहुत तेज नहीं थी, लेकिन बार-बार हुई फुहारों ने पूरे शहर के मौसम को बदल कर रख दिया। मौसम विभाग ने दिन का अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम 18.5 डिग्री रिकॉर्ड किया। महज एक दिन पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रहा था।
मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी देखने को मिला। जहां लोग पिछले दिनों गर्मी से परेशान थे, वहीं बुधवार को हल्की ठंड का अहसास हुआ। अचानक आने वाली बूंदाबांदी के चलते ठेले व केबिन वाले अपने सामान का बचाव करते नजर आए तो लोग भी आसरा तलाशते नजर आए। कई लोग हल्के गर्म कपड़ों में नजर आए। बाजारों में चहल-पहल सामान्य रही, लेकिन मौसम का आनंद लेते हुए लोग बाहर निकलते दिखाई दिए। कृषि क्षेत्र के लिए भी यह मौसम नुकसान दायक भी हो सकता है।
आगामी दिवस में अगर थोड़ी तेज बारिश या अंधड़ आया तो उनकी कटी हुई फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते यह बदलाव देखने को मिला है और अगले 24 घंटों के दौरान भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। तापमान में भी और गिरावट या स्थिरता बनी रह सकती है। मौसम में आए इस बदलाव ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर सर्दी का हल्का अहसास भी करा दिया है। फिलहाल जैसलमेर में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज लोगों के लिए सुखद अनुभव बन गया है।