रेल की चपेट में आने से आठ ऊंट-ऊंटनियों की मौत
पोकरण. कस्बे से जैसलमेर जाने वाले मार्ग पर सेलवी गांव की नाडी के पीछे गुरुवार शाम एक रेल की चपेट में आ जाने से आठ ऊंट व ऊंटनियों की मौत हो गई। गौरतलब है कि सरकार की ओर से ऊंटों के संरक्षण को लेकर कई तरह की योजनाएं संचालित की जा रही है तथा ऊंट को राज्यपशु का दर्जा भी दिया गया, लेकिन उनके संरक्षण को लेकर धरातल पर कोई कार्य नहीं हो रहा है। जिसके कारण सीमावर्ती जिले में बड़ी संख्या में राज्यपशु ऊंट लावारिस घूमते नजर आ रहे है। आए दिन सड़क पार करते समय वाहनों की चपेट में आ जाने से ऊंटों की मौत भी हो रही है। इसी प्रकार क्षेत्र में रेलवे पटरियों के दोनों तरफ सुरक्षा जाली या तारबंदी नहीं होने के कारण पशु रेल की चपेट में आ जाते है तथा उनकी मौत हो जाती है। लाठी गांव के पास पूर्व में भी ऐसे हादसे हो चुके है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गुरुवार शाम भी कुछ ऊंट व ऊंटनियां सेलवी गांव के पास स्थित नाडी के पीछे पटरियां पार कर रही थी। इस दौरान रेल की चपेट में आने से आठ ऊंट व ऊंटनियों की मौत हो गई। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शुक्रवार की शाम तक भी मृत ऊंट ऊंटनियां रेलवे पटरियों के किनारे ही पड़े थे।