जैसलमेर

Jaisalmer: आसमान खाली, खेत सूने, लाठी के किसानों की खरीफ उम्मीदें अधर में अटकी

खरीफ सीजन को देखते हुए पैक्स के माध्यम से किसानों को धान के बीज का वितरण किया जा रहा है, ताकि पर्याप्त बारिश होते ही बुआई का कार्य गति पकड़ सके। हालांकि किसानों का कहना है कि जब तक खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बनेगी, तब तक बीज बोना जोखिम भरा रहेगा।
2 min read
Jun 29, 2026
lathi photo
patrika photo

लाठी. जून समाप्ति की ओर है, लेकिन नलकूप बाहुल्य लाठी क्षेत्र में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश होने से खरीफ सीजन की तैयारियां प्रभावित हो गई हैं। खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने से किसान धान सहित अन्य खरीफ फसलों की बुआई शुरू नहीं कर पा रहे हैं। सूखी जमीन में बीज डालने पर उसके खराब होने और आर्थिक नुकसान की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अधिकांश खेत सूखे पड़े हैं और किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

खरीफ सीजन को देखते हुए पैक्स के माध्यम से किसानों को धान के बीज का वितरण किया जा रहा है, ताकि पर्याप्त बारिश होते ही बुआई का कार्य गति पकड़ सके। हालांकि किसानों का कहना है कि जब तक खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बनेगी, तब तक बीज बोना जोखिम भरा रहेगा।

अच्छी बारिश होने तक इंतजार करना मजबूरी हैं

लाठी, धोलिया, गंगाराम की ढाणी, सोढाकोर, चांधन, डेलासर, केरालिया सहित आसपास के गांवों में किसान मानसून की बेरुखी से सबसे अधिक प्रभावित हैं। किसान रणवीर सिंह भाटी ने बताया कि अब तक पर्याप्त वर्षा नहीं होने से खेतों में नमी का अभाव है। ऐसी स्थिति में बीज बोने पर उसके खराब होने की आशंका बनी रहती है। इसलिए किसान अच्छी बारिश होने तक इंतजार करने को मजबूर हैं। किसान लालाराम नायक ने बताया कि सामान्य वर्षों में जून के अंत तक धान की बुआई शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार बारिश नहीं होने से खेती का काम प्रभावित है। अगले कुछ दिनों में अच्छी वर्षा नहीं होने पर बुआई में देरी होगी, जिससे फसल उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

...ताकि खरीफ सीजन की बुआई समय पर शुरू हो सके

किसानों का कहना है कि खेती काफी हद तक मानसून पर निर्भर है। समय पर वर्षा नहीं होने से सिंचाई और खेती की लागत बढ़ने के साथ उत्पादन घटने की आशंका भी गहरा रही है। ऐसे में क्षेत्र के किसान जल्द अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि खरीफ सीजन की बुआई समय पर शुरू हो सके और आर्थिक नुकसान से बचाव हो सके।

पोकरण. क्षेत्र में भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों के कारण आमजन का बेहाल हो रहा है। सोमवार को सुबह सूर्य की तेज किरणें निकली। सुबह 10 बजे बाद तापमान में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। साथ ही दोपहर में लू के थपेड़ों का दौर शुरू हो गया, जिससे आमजन का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। भीषण गर्मी व लू के कारण मुख्य मार्गों पर चहल- पहल कम नजर आई। देर शाम तक भी गर्मी का दौर जारी रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

Published on:
29 Jun 2026 08:20 pm