
लाठी. जैसलमेर का ऐतिहासिक सोनार दुर्ग विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखता है, लेकिन इसी सरहदी जिले की एक और ऐतिहासिक धरोहर अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। लाठी का प्राचीन कोट कभी रियासतकालीन वैभव, शौर्य और स्थापत्य कला का प्रतीक हुआ करता था। आज वही ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण के अभाव, अतिक्रमण और प्रशासनिक अनदेखी के चलते धीरे-धीरे अपना अस्तित्व खो रही है। किले की जर्जर दीवारें और बिखरती शिल्पकला इसके गौरवशाली अतीत और वर्तमान उपेक्षा की कहानी बयां कर रही हैं।
किले की दीवारों और भवनों की हालत लगातार खराब हो रही है। पत्थरों पर की गई बारीक शिल्पकारी, कलात्मक खंभे और बेल-बूटों की नक्काशी आज भी इसकी ऐतिहासिक समृद्धि का परिचय देते हैं। किले के भीतर धार्मिक स्थल और प्राचीन स्थापत्य के अवशेष मौजूद हैं। इनकी सार-संभाल नहीं होने से ऐतिहासिक निर्माण क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। कभी दूर से दिखाई देने वाला कोट आज अपनी पहचान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। इतिहास के जानकारों के अनुसार तत्कालीन महारावल बैरीशाल ने विक्रम संवत 1940 में लाठी कोट का निर्माण करवाया था। इसी दौरान जलाशय भी बनवाया गया। किले के भीतर देवी के थान की प्राचीर में जड़े पत्थर पर उत्कीर्ण लेख इस ऐतिहासिक तथ्य की पुष्टि करता है। बताया जाता है कि ठाकर छतरसिंह ने गांव में बस्ती बसाने के उद्देश्य से लोगों को भूमि आवंटित की थी। इसके बदले दस रुपए वार्षिक लेने का प्रावधान था।छतरसिंह के बाद खुशालसिंह ने लाठी की गद्दी संभाली। महारावल बैरीशाल की नि:संतान मृत्यु के बाद खुशालसिंह के पांच वर्षीय पुत्र कुंवर श्यामसिंह को जैसलमेर की गद्दी पर बैठाया गया। उस समय क्षेत्र का नाम शालिवाहन कर दिया गया। बाद में खुशालसिंह के पुत्र दानसिंह ने लाठी की गद्दी संभाली। विक्रम संवत 1979 में उनका निधन हुआ। उनकी छह स्तंभों वाली छतरी आज भी कस्बे के बाहर स्थित है, जहां प्रतिवर्ष मेला भरता है।
छायण (जैसलमेर). छायण से टोटा तक की सड़क का डामरीकरण निर्माण कार्य एक वर्ष पूर्व स्वीकृत हुआ था। इस पर मुरड़ कंक्रीट का कार्य किया गया, जो घटिया स्तर का रहा। ग्रामीणों के अनुसार, कंक्रीट को वाइब्रेटर से कूटा नहीं गया और बड़े पत्थर इस्तेमाल हुए। घटिया कुटाई के कारण सड़क जगह-जगह से उखड़ गई है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं और दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। 10 किलोमीटर की यह दूरी तय करने में मिनटों के बजाय घंटे लग रहे हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग खंड अधिकारी, पोकरण को इस बारे में अवगत कराया गया है, लेकिन आज तक मुरड़ कंक्रीट की कुटाई नहीं करवाई गई। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कर यातायात सुविधा बहाल करने की मांग की है।