जोधपुर-जैसलमेर रेल मार्ग पर स्थित लाठी-भादरिया रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस रेलों का ठहराव बहाल नहीं होने से क्षेत्र के यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
जोधपुर-जैसलमेर रेल मार्ग पर स्थित लाठी-भादरिया रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस रेलों का ठहराव बहाल नहीं होने से क्षेत्र के यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कोरोनाकाल के दौरान बंद किया गया कई रेलों का ठहराव आज तक पुनः शुरू नहीं हो सका है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के समय कई एक्सप्रेस रेलों का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। बाद में रेल सेवाएं फिर शुरू हो गईं, लेकिन लाठी रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस रेलों का ठहराव बहाल नहीं किया गया। इससे स्थानीय यात्रियों को यात्रा के लिए अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।लाठी स्टेशन पर वर्तमान में केवल जोधपुर-जैसलमेर एक्सप्रेस और लालगढ़-जैसलमेर एक्सप्रेस का ही ठहराव हो रहा है। इसके अलावा यहां से गुजरने वाली छह एक्सप्रेस रेलें बिना रुके निकल रही हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है।
क्षेत्र के ग्रामीण कई बार इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग को ज्ञापन भेज चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लाठी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग रेल यात्रा पर निर्भर रहते हैं। इसके साथ ही फील्ड फायरिंग रेंज में तैनात सेना के जवान तथा क्षेत्र में निवास कर रही सेना की विभिन्न बटालियनों के अधिकारी भी रेल यात्रा करते हैं।
हकीकत यह भी
एक्सप्रेस रेलों का ठहराव नहीं होने के कारण इन सभी यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय कर अन्य स्टेशनों तक जाना पड़ता है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्रवासियों में निराशा है।लाठी रेलवे स्टेशन पर जिन एक्सप्रेस रेलों के ठहराव की मांग लगातार उठ रही है, उनमें रानीखेत एक्सप्रेस, लीलण एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, स्वर्णनगरी एक्सप्रेस, रुणीचा एक्सप्रेस और बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस शामिल हैं।