जैसलमेर

दो खास आयोजनों की बदौलत बदल रही स्वर्णनगरी की सूरत.प्रशासन ने सब विभागों को काम पर लगाया

- वायुशक्ति-2019 और मरु महोत्सव से पहले जैसलमेर को चमकाने की कवायद
2 min read
Feb 13, 2019
jaisalmer
दो खास आयोजनों की बदौलत बदल रही स्वर्णनगरी की सूरत.प्रशासन ने सब विभागों को काम पर लगाया

जैसलमेर. लम्बे अर्से से बदरंग बने हुए जैसलमेर के बाहरी हिस्से की तकदीर इन दिनों बदल रही है। आगामी 16 तारीख को जिले के पोकरण रेंज में आयोजनीय भारतीय वायुसेना के सबसे बड़े युद्धाभ्यास ‘वायुशक्ति-2019’ और उसके अगले दिन 17 से 19 फरवरी के दरम्यान होने वाले मरु महोत्सव से पहले स्वर्णनगरी को चमकाने में प्रशासन पूरी तरह से जुट चुका है। प्रशासन ने जैसलमेर नगरपरिषद को खास तौर पर काम में जुटा दिया है। इसके अलावा अन्य कई महकमों को भी इन दिनों शहरी तथा संबंधित मार्ग की व्यवस्थाओं को सुधारने का एकमात्र लक्ष्य दिया गया है।
सौन्दर्यकरण पर जोर
जैसलमेर के गड़ीसर चौराहा से हनुमान चौराहा और सम मार्ग तक के सौन्दर्यकरण पर वर्तमान में सबसे ज्यादा काम किया जा रहा है। गड़ीसर मार्ग में बने नाले की सफाई से लेकर वहां पिछले दिनों करवाए गए पाइप लाइन से खोदी गई सडक़ को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। ऐसे ही पुराना चूंगीनाका चौराहा, गड़ीसर के बाहर श्रीकृष्ण श्रीमाली सर्किल, एयरफोर्स चौराहा, एसबीआइ, पंचायत समिति सम, हनुमान चौराहा, सम मार्ग तथा गीता आश्रम चौराहा आदि पर बने सर्किलों को रंग-रोगन कर नयापन दिया जा रहा है। नगरपरिषद उन पर नए सिरे से पेंटिंग भी करवा रही है। इसके अलावा जहां कहीं दाबडिय़ां और फुटपाथ उखड़े हुए हैं, उनकी खबर भी ली जा रही है।

ये भी हो रहे कार्य
नगरपरिषद की ओर से इन दिनों प्रशासन के निर्देशानुसार जैसलमेर के बाहरी क्षेत्र के साथ भीतरी भागों में भी स्वच्छंद रूप से घूमने वाले पशुओं की धरपकड़ का कार्य भी हाथ में लिया गया है। हालांकि शहर के भीतरी भागों में अब भी बड़ी संख्या में पशुधन सडक़ों पर डेरा डाले हुए नजर आ रहा है। ऐसे ही शहर में पानी की लाइनों में जहां कहीं लीकेज हैं, उनकी रिपेयरिंग का कार्य भी हाथ में लिया गया है। इसके अलावा साफ-सफाई व्यवस्था को सुधारने के मद्देनजर डेडानसर मैदान और उसके आसपास के क्षेत्र की सुध ली जा रही है। गौरतलब है कि डेडानसर मैदान में मरु महोत्सव के दूसरे दिन कई लोकप्रिय प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाता है।

रात-दिन चल रही तैयारियां
आगामी दिनों में जैसलमेर जिले में दो बड़े आयोजन होने वाले हैं। इसके मद्देनजर नगरपरिषद की तरफ से सभी तरह के सौन्दर्यकरण, साफ-सफाई और रंग-रोगन आदि के आवश्यक कार्य करवाए जा रहे हैं।
-पवन कुमार, आयुक्त, नगरपरिषद, जैसलमेर

Updated on:
13 Feb 2019 05:34 pm
Published on:
13 Feb 2019 05:34 pm