जैसलमेर

पुलिस ने तीन माह पहले हुई चोरी की इस बड़ी वारदात का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

तीन माह पूर्व मोबाइल दुकान में 3 लाख की चोरी की वारदात का पर्दाफाश-तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

2 min read
Oct 28, 2018
पुलिस ने तीन माह पहले हुई चोरी की इस बड़ी वारदात का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

पोकरण. स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गत तीन माह पूर्व क्षेत्र के भणियाणा गांव में एक मोबाइल की दुकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गत 18 जुलाई को स्थानीय निवासी मनोज पुत्र गोरधनराम छीपा ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसकी भणियाणा में मोबाइल व इलेक्ट्रोनिक सामान की दुकान स्थित है। वह 17 जुलाई की रात्रि करीब सात बजे हमेशा की तरह दुकान बंद कर घर चला गया। जब 18 जुलाई को सुबह आकर देखा, तो दुकान के ताले टूटे हुए थे। उसने दुकान के अंदर जाकर देखा, तो दुकान की अलमारियोंं में रखे सभी स्मार्टफोन व अन्य छोटे फोन नहीं थे तथा कुछ इलेक्ट्रोनिक सामान भी नहीं था। इसके अलावा दुकान में कुछ नकदी भी थी, जो कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया। चोरी गए माल की कीमत करीब तीन लाख रुपए है। जिला पुलिस अधीक्षक जगदीशचंद्र शर्मा की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए उपाधीक्षक रामचंद्र चौधरी को तत्काल एक टीम गठित कर मामले की गहनता से जांच करने व पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। जिस पर उपाधीक्षक की ओर से थानाधिकारी सुखराम विश्रोई के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक अनोपाराम विश्रोई, कम्प्यूटर ऑपरेटर मोहनलाल पालीवाल, सुभाष विश्रोई, मुकेश गुर्जर, कांस्टेबल गजेन्द्रसिंह, ओमप्रकाश की एक टीम गठित की गई। टीम की ओर से जिला मुख्यालय में कार्यरत साइबर एक्सपर्ट मुकेश बीरा व भीमरावसिंह से समन्वय स्थापित कर भणियाणा के सभी मोबाइल टॉवर पर वारदात की रात्रि में हुई मोबाईल कॉल की डिटेल निकाली गई तथा आधुनिक मोबाइल तकनीकी से नकबजनों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान मामले में संलिप्त दूधली नाडी पन्नासर निवासी अमीनखां पुत्र सिकंदरखां को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। जिस पर उसने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया तथा उसने बताया कि वारदात के बाद उसी दिन सुबह वह बायतु चला गया तथा बायतु में दो युवकों को एक-एक मोबाइल बेचना स्वीकार किया। जिस पर पुलिस ने बाड़मेर जिले के धोरीमिन्ना थानांतर्गत भीमथल निवासी जसाराम पुत्र गिरधारीराम व बायतु चिमनजी निवासी मुन्नालाल पुत्र मांगीलाल को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से दो मोबाइल व अमीनखां के कब्जे से एक मोबाइल कुल तीन मोबाइल बरामद किए। मुख्य आरोपी अमीनखां को चोरी करने और जसाराम व मुन्नालाल को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां गहन पूछताछ के लिए तीनों आरोपियों को दो दिन तक पुलिस अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए गए।

ये भी पढ़ें

करवा चौथ पर पुलिस का भावनात्मक दांव,दुपहिया वाहन चालकों को अनोखे अंदाज में दी प्रेरणा
Published on:
28 Oct 2018 11:53 am
Also Read
View All