जैसलमेर

श्रावण के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में उमड़ी आस्था

-दिन भर हुए धार्मिक कार्यक्रम
less than 1 minute read
• •
Updated: 27 Jul 2021, 1:26 PM IST
श्रावण के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में उमड़ी आस्था
श्रावण के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में उमड़ी आस्था

जैसलमेर. श्रावण महीने के पहले सोमवार को जिले भर के विभिन्न शिवालयों में धार्मिक आयोजन हुए। दिन भर भक्तों की रेलमपेल बनी रही, वहीं शिव भक्ति से संबंधित भजन, मंत्र व गीत मंदिरों में गूंजते रहे। अभिषेक व बील पत्र चढ़ाने के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। भक्ति, उल्लास व श्रद्धा के उमड़े ज्वार के बीच जिले भर के शिव मन्दिरों में अलग ही माहौल देखने को मिला। इस दौरान शिव मंदिरों को पुष्पों से सजाया गया व आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की गई। भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की गई और उन्हें प्रसन्न करने को लेकर तरह-तरह के जतन किए गए। सोमवार को बेर, बील पत्र व फूलों की दुकानों पर शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। शहर के मुक्तेश्वर महादेव मन्दिर, वरुणेश्वर महादेव, देवचंदे्रश्वर मन्दिर, रत्नेश्वर, सिद्धेश्वर गज मन्दिर, चंद्रमोलेश्वर, सहित विविध मन्दिरों में दिन भर श्रद्धालुओं की आवाजाही का दौर बना रहा। महिलाओं ने सुहाग की रक्षा के लिए और कुंवारी कन्याओं ने योग्य वर की कामना से पीपल का पूजन किया। महिलाओं व बालिकाओं ने व्रत रखे। इससे पूर्व सुबह से ही जैसलमेर के शिव मंदिरों में हर-हर महादेव, ओम नम: शिवाय और जय ओंकारा, जय हो भोले भण्डारी जैसे जयकारे गूंजने शुरू हो गए। मंदिरों में अखण्ड जाप व भजन कीर्तन किए गए।

Published on: